पेट्रोल पंप पर चौकीदार का कत्ल
गत रात दियालगढ़-जेजियां रोड पर गांव बासीअर्क सर्विस सेंटर नामक पेट्रोल पंप के चौकीदार का तेजधार हथियार से कत्ल कर दिया गया है।
संवाद सूत्र, भवानीगढ़ (संगरूर) : गत रात दियालगढ़-जेजियां रोड पर गांव बासीअर्क सर्विस सेंटर नामक पेट्रोल पंप के चौकीदार का तेजधार हथियार से कत्ल कर दिया गया है। वारदात के बारे में मंगलवार सुबह तब खुलासा हुआ, जब पंप की लेबर सुबह पंप पर पहुंची। मृतक की लाश पंप में मौजूद कमरे के बाहर चारपाई पर पड़ी थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे डीएसपी मोहित अग्रवाल सहित पुलिस टीम जांच में जुट गई। पेट्रोल पंप पर लगे दो सीसीटीवी कैमरों में से केवल एक ही चल रहा था। जिसकी वजह से घटना कैमरे में कैद नहीं हो सकी। मृतक के लड़के सुखजिदर सिंह ने बताया कि उसका पिता गुरदेव सिंह पांच-छह महीने से दिड़बा रोड़ पर स्थित पेट्रोल पंप पर चौकीदार काम कर रहा था। गत रात कुछ अज्ञात लोगों ने उसके सिर पर किसी हथियार से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधिकारी डीएसपी (डी) मोहित अग्रवाल, सीआइए इंचार्ज सतनाम सिंह व रमनदीप सिंह थाना प्रमुख भवानीगढ़ ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि वारदात दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने किसी चोरी या लूट को अंजाम नहीं दिया है। डीएसपी मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस घटना की गहराई से जांच कर रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल आरंभ कर दी।