पंजाब में राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा में दूसरे दिन गायब हुए सिद्धू, राहुल ने केंद्र पर साधा निशाना
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी ट्रैक्टर यात्रा के दूसरे दिन केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि केद्र सरकार कृषि कानूनों के जरिये किसानों को बर्बाद करने पर तुली है। उनकी यात्रा में आज नवजोत सिंह सिद्धू नहीं आए।
संगरूर, जेएनएन। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को दूसरे दिन पंजाब में अपनी ट्रैक्टर यात्रा में केंद्र सरकार पर फिर जमकर निशाना साधा। राहुल की यात्रा में किसान मजदूर आदती एकता पर जोर दिया जा रहा है। वैसे, राहुल की दूसरे दिन की यात्रा में पंजाब कांग्रेस में सिद्धू को लेकर भी बड़े संकेत मिले। पहले दिन यात्रा में शामिल सिद्धू आज नजर नहीं आए। यात्रा की शुरुआत पर हुई रैली में अन्य नेताओं के साथ हरियाणा कांग्रेस के नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा तो आए, लेकिन सिद्धू नहीं पहुंचे। इससे सिद्धू को लेकर कयासबाजी फिर तेज हो गई है।
यात्रा की दूसरे दिन की शुरुआत पर आयोजित रैली में राहुल गांधी ने कहा, आज मसला किसान और मजदूर का नहीं, बल्कि पूरे देश का है। अडानी और अंबानी देश के अन्न पर कब्जा करना चाहते हैं। राहुल ने कहा, तीन कृषि कानूनों के जरिये लोगों खासकर किसानों की आजादी को छीनने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस इसे होने नहीं देगी।
राहुल गांधी ने आज अपने भाषण में किसान के मुद्दों के साथ नोटबंदी और जीएसटी को भी खासा तवज्जो दी। उन्होंने कहा कि जीएसटी और नोटबंदी ने देश के लोगों व अर्थव्यवस्था को बहुत नुकसान पहुंचाया। नोटबंदी बड़ा घोटाला था। अब तीन कृषि कानूनों के जरिये केंद्र की भाजपा सरकार किसानों को बर्बाद करना चाहती है। राहुल गांधी ने कहा कि आज ज्यादा साइलोज, मंडी बनाने की जरूरत है। पीडीएस सिस्टम को मजबूत करने की जरूरत है, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ऐसा नहीं कर रहे हैं। वह अडानी और अंबानी के लिए जमीन साफ कर रहे है।
दूसरी ओर, नवजोत सिंह सिद्धू के दूसरे दिन राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा ओर कांग्रेस के मंच से गायब होने से कयासबाजी शुरू हो गई है। नवजोत सिद्धू आज संगरूर में कांग्रेस के मंच से गायब रहे। कल मोगा में जिस प्रकार से उन्होंने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनकी सरकार पर हमला किया था, उससे राहुल खिन्न हो गए थे। माना जा रहा है कि इसलिए सिद्धू को आज बुलाया ही नहीं गया।
राहुल गांधी ने कहा कि कुछ पूंजीपति किसानों की जमीन और फसल को हथियाना चाहते हैैं। नरेंद्र मोदी ने पहले ही नोटबंदी व जीएसटी के बाद रोजगार देने वाला सिस्टम खत्म कर दिया है। आने वाले समय में देश में रोजगार देने वाला सिस्टम पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी को अडानी व अंबानी जैसे पूंजीपति कठपुतली की तरह नचा रहे हैं।
राहुल गांधी की ट्रैक्टर रैली का स्वागत करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
राहुल ने पूछा कि जब देश में कोरोना संकट है तो ऐसे में तत्काल कृषि कानून लाने की क्या जरूरत थी। इन पर बहस क्यों नहीं की गई। केंद्र सरकार दावा कर रही है कि यह कानून किसानों के हित में हैं, अगर वाकई ऐसा है तो देश को अन्न सुरक्षा प्रदान करने वाले पंजाब व हरियाणा के किसान इनका विरोध क्यों कर रहे हैं? राहुल गांधी ने कहा, आज मसला किसान और मजदूर का नहीं, बल्कि पूरे देश का है, क्योंकि अडानी और अंबानी देश के अन्न पर कब्जा करना चाहते है।
रैली में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि किसानों के हिताें की रक्षा के लिए पंजाब विधानसभा की बैठक बुलानी पड़े या सुप्रीम कोर्ट जाने पड़े हम हर कदम उठाएंगे। कैप्टन ने कहा कि अगर अडानी और अंबानी आए तो आज जो हाल मक्की की हो रही है, वही हाल गेहूं और चावल की हो जाएगी। आढ़ती और किसान के 60 साल पुराने रिश्ते को खत्म किया जा रहा है।
समाना में रैली के मंच पर राहुल गांधी और कैप्टन अमरिंदर सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता।
इसके बाद विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा समाना पहुंची। यात्रा के दौरान रास्ते में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। समाना में भी राहुल गांधी की रैली हुई। यहां भी नवजोत सिंह सिद्धू नहीं पहुंचे। तय प्रोग्राम अनुसार समाना में ट्रैक्टर मार्च नहीं निकाला गया। भवानीगढ़ से सीधे कार के जरिए ही राहुल समाना में रैली स्थल पर पहुंचे। समाना में किसान बचाओ यात्रा रैली स्थल पर पंजाब मंडी बोर्ड चेयरमैन लाल सिंह और कैबिनेट मंत्री ब्रह्म महिंदरा भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: 'गुरु' सिद्धू ने मोगा में लगाए छक्के, लुधियाना में आउट, Punjab Congress के लिए हुए 'पराये'
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की रैली में मंच से अपनी ही सरकार को असहज कर गए नवजोत सिंह सिद्धू, जमकर घेरा
यह भी पढ़ें: Rahul Gandhi tractor rally: राहुल बोले- 23 अरबपतियों की नजर किसानों की जमीन और फसल पर
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें