संगरूर के जंडाली कलां में गुटका साहिब की बेअदबी, लोगों में रोष
शहर के नजदीकी गांव जंडाली कलां के गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब के समक्ष शुक्रवार सुबह किसी ने श्री सुखमणि साहिब के गुटका साहिब के अंग फाड़कर सड़क पर खिलेरकर बेअदबी को अंजाम दिया। सुबह सड़क से गुजर रहे एक नौजवान ने गुटका साहिब के अंग बिखरे देखे।
अहमदगढ़ (संगरूर), जेएनएन। शहर के नजदीकी गांव जंडाली कलां के गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब के समक्ष शुक्रवार सुबह किसी ने श्री सुखमणि साहिब के गुटका साहिब के अंग फाड़कर सड़क पर खिलेरकर बेअदबी को अंजाम दिया। सुबह के समय सड़क पर से गुजर रहे एक नौजवान ने गुटका साहिब के अंग बिखरे देखे तो इस घटना का खुलासा हुआ। उसने तुरंत गांव निवासीयों व पुलिस को सूचित कर दिया।
पुलिस प्रशासन अमरगढ़ के एसपी गुरप्रीत कौर, डीएसपी राजन शर्मा, एसडीएम विक्रमजीत सिंह पांथे, एसएचआे अमनदीप कौर व अहमदगढ़ सदर के एसएचआे संजीव कपूर ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। जांच में अभी गुटका साहिब फाड़ने वाले शख्स का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच में जुट चुकी है, लेकिन इस घटना से क्षेत्र की सिख संगत में भारी रोष पाया जा रहा है। क्षेत्र निवासियों का कहना था कि पंजाब का माहौल दोबारा खराब करने के लिए किया जा रहा है।