कोरोना में अब चरमराई सफाई व्यवस्था बनी मुसीबत
नगर कौंसिल संगरूर के समूह सफाई कर्मचारियों व कार्यालय कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन कलमछोड़ हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। कोरोना का प्रकोप दिनों दिन बढ़ रहा है।
जागरण संवाददाता, संगरूर : नगर कौंसिल संगरूर के समूह सफाई कर्मचारियों व कार्यालय कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन कलमछोड़ हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। कोरोना का प्रकोप दिनों दिन बढ़ रहा है। वहीं सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण घरों से लेकर सड़कों तक गंदगी के ढेर लग गए हैं। गंदगी उठाने के लिए अब कोई व्यवस्था नहीं हैं। वहीं कोरोना मरीजों के घरों से भी कूड़ा नहीं उठ पाएगा। जिले भर के कौंसिल कर्मचारी व सफाई सेवक अपनी मांगों की पूर्ति के लिए वीरवार से हड़ताल पर हैं। सिविल अस्पताल संगरूर के बाहर गंदगी के डंप पर पीपीई किटों की सामग्री, मास्क सहित अन्य सामग्री का कूडा़ सड़क तक फैला है।
सफाई मजदूर यूनियन के जिला प्रधान भारत बेदी ने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती हड़ताल जारी रहेगी। उनकी मुख्य मांगों में ठेका प्रणाली समाप्त कर सर्फाइ सेवक, सीवरमैन, माली, बेलदार,पंप आपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, क्लर्क, ड्राइवर व फायर ब्रिगेड कांट्रैक्ट मुलाजिम रेगुलर करने आदि की मांग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो संघर्ष और तेज किया जाएगा।