केंद्र व पंजाब सरकार की नीतियों से किसान आहत : सांसद मान
लोकसभा हलका संगरूर के सांसद भगवंत मान ने अनाज मंडी चीमा का दौरा किया।
संवाद सूत्र, चीमा (संगरूर)
लोकसभा हलका संगरूर के सांसद भगवंत मान ने अनाज मंडी चीमा का दौरा किया। उन्होंने किसानों, आढ़तियों व मजदूरों को पेश आ रही मुश्किलों की जानकारी ली।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद भगवंत मान ने कहा कि जिस प्रकार केंद्र की सरकार किसानों के साथ बुरा व्यवहार कर रही है उसी प्रकार पंजाब सरकार भी किसानों को परेशान करने में जुटी है। राज्य का किसान मंडियों में कई प्रकार की समस्याओं का सामना कर रहा है। किसानों ने सांसद भगवंत मान को बारदाने की किल्लत से अवगत करवाया। मान ने तुरंत डीसी से संपर्क किया व बारदाने का प्रबंध न होने पर बातचीत की। डीसी ने सांसद मान को भरोसा दिलाया कि जल्द ही बारदाने की दिक्कत को दूर कर लिया जाएगा।
मान ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। पंजाब में कई जगहों पर किसानों की फसल आग की भेंट चढ़ गई है, लेकिन राज्य सरकार ने आगजनी की घटनाओं पर काबू पाने के लिए कोई विशेष प्रबंध नहीं किए हैं। आज पंजाब का किसान जहां केंद्र सरकार की गलत नीतियों से आहत हैं, वहीं पंजाब सरकार ने भी किसानों को मंडियों में परेशान होने के लिए छोड़ दिया है। कई-कई दिनों तक खरीद नहीं हो रही है, जिससे किसान मंडियों में बैठने को मजबूर हैं। वह खुद चीमा की अनाज मंडी में गेहूं बेचने के लिए लाते रहे हैं, जहां ट्राली पहुंचते ही तुरंत गेहूं की खरीद हो जाती थी, लेकिन अब गेहूं की बिक्री के लिए भी किसान कई-कई रात मंडियों में गुजार रहे हैं। यह पंजाब सरकार के घटिया प्रबंधों का नतीजा है। खरीद दस अप्रैल से आरंभ होने के बाद भी अभी तक बारदाने का प्रबंध नहीं हो पाया है। इस मौके पर मन्नी सूबेदार, आप नेता निर्भय सिंह, दर्शन सिंह, कुलदीप सिंह, गोल्डी सिंह आदि उपस्थित थे।