कांग्रेस पार्षद पर लड़की को नशीली गोलियां देने का केस दर्ज
थाना सिटी धूरी पुलिस ने लड़की को नींद की गोलियां मुहैया करवाने पर शहर के एक कांग्रेस पार्षद के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
संवाद सूत्र, धूरी (संगरूर) : थाना सिटी धूरी पुलिस ने लड़की को नींद की गोलियां मुहैया करवाने पर शहर के एक कांग्रेस पार्षद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित लड़की ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले कांग्रेस पार्षद नरपिदर सिंह उर्फ गोरा ने उसे फोन कर अपने पास आने को कहा। उसने घर में पारिवारिक सदस्य होने की मजबूरी बताई। इसके चलते पार्षद ने उसके घर के बाहरी दरवाजे से नशे की गोलियां फेंककर उसे घरवालों के भोजन में मिलाने को कहा। दाल में गोलियां डालने संबंधी घर वालों को पता चल गया। पुलिस ने बयान के आधार पर डीए लीगल द्वारा दी रिपोर्ट के मुताबिक एसएसपी के आदेश पर कांग्रेस पार्षद के खिलाफ 328 आइपीसी के तहत मामला दर्ज किया है। दूसरी तरफ पीड़ित लड़की ने पत्रकारों को बताया कि पार्षद ने उससे शादी का झूठा वादा करके उससे उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए हैं। बयान लिखवाते समय पुलिस ने भी पार्षद का पक्ष लिया। उलटा उसी पर नशीली गोलियां इस्तेमाल करने का पर्चा दर्ज करने की धमकी दी।
उधर, डीएसपी धूरी परमिदर सिंह ने कहा कि पीड़ित लड़की के पुलिस पर लगाए एतराज पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। उसकी माता व दादी की मौजूदगी में बयान लिए गए हैं जिसकी बतौर वीडियो रिकार्डिंग भी हुई है। उधर, भाजपा के राज्य नेता बृजेश्वर गोयल ने पीड़ित लड़की को इंसाफ दिलाने के लिए दर्ज किए मामले में जुर्म बढ़ोतरी की मांग की। कहा कि यदि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस ने पीड़िता को इंसाफ न दिया तो पार्टी पुलिस प्रशासन के खिलाफ संघर्ष शुरू करेगी।