भाजपा के जिला प्रधान ने लिखा पीएम को पत्र, किसानों की मांगों पर विचार करने की अपील
कृषि कानूनों को रद करवाने के लिए किसान दिल्ली में करो या मरो की नीति पर धरना दे रहे हैं।
जागरण संवाददाता, संगरूर :
कृषि कानूनों को रद करवाने के लिए किसान दिल्ली में करो या मरो की नीति के तहत पक्के मोर्चे पर बैठे हैं। वहीं राजनीतिक पार्टियां भी अपने अपने अंदाज में किसानों के समर्थन में उतरते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साध रही हैं। आंदोलन की इसी लड़ाई के बीच भारतीय जनता पार्टी जिला संगरूर के प्रधान रणदीप दियोल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर पंजाब के किसानों की जायज मांगों पर विचार करने की गुहार लगाई है। दियोल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वह किसानों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करें व किसान हितैषी होने का सबूत किसानों के समक्ष पेश करें। भाजपा हमेशा से किसानों के हितों की बात करती रही है। इसे मुख्य रखते हुए एक बार फिर किसानों की मांगों को पूरा करें।
पत्र में रणदीप दियोल ने लिखा कि वह किसान के पुत्र हैं, जिसके नाते वह पंजाबियत व किसानी को प्रमुखता से जानते हैं। केंद्र की सरकार व भाजपा पहले दिन से ही किसान हितैषी रही है व किसानों के हितों की रक्षा करती रही है। इसलिए उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील है कि वह पंजाब के किसानों की जायज मांगों व अति गंभीर मुद्दे पर विचार जल्द से जल्द करें।
दियोल ने लिखा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार किसानों का कर्जमाफ करने का वादा करते सत्ता में आई थी, लेकिन सरकार ने अपना वादा अभी तक पूरा नहीं किया, जिस कारण किसानों को कर्ज माफी का लाभ अभी तक नहीं मिला। पंजाब का किसान आज भी उतना ही पीड़ित है। केंद्र की भाजपा सरकार देश की आजादी के बाद पहली ऐसी सरकार है, जिसने पहली बार में ही प्रत्यक्ष तौर पर बिना किसी पक्षपात के किसानों के खाते में छह हजार रुपये डाले हैं। इसलिए वह उम्मीद करते हैं कि किसानों का पूर्ण तौर पर कर्जमाफ करने के लिए मुद्दों पर विचार विमर्श किया जाए।