न मंत्री पहुंचे न अधिकारी, अंडरब्रिज निर्माण का नींव पत्थर कार्यक्रम स्थगित
मोरिडा अंडरब्रिज के निर्माण का नींव पत्थर रखने न मौजूदा मंत्री पहुंचे और न ही कोई प्रशासन अधिकारी।
संवाद सूत्र, मोरिडा
मोरिडा अंडरब्रिज के निर्माण को लेकर इलाका निवासियों की उम्मीदों पर उस समय पानी फिर गया, जब तय पर अंडरब्रिज के निर्माण का नींव पत्थर रखने न मौजूदा मंत्री पहुंचे और न ही कोई प्रशासन अधिकारी। पुलिस मुलाजिम भी सारा दिन उनके इंतजार में बैठे रहे। वही मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि अंडरब्रिज के निर्माण पर उन्हें गुमराह किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बस स्टैंड के पास रेलवे फाटकों पर नए अंडरब्रिज के निर्माण के लिए नींव पत्थर सोमवार को रखा जाना था। इसके चलते ट्रैफिक को निर्विघन चालू रखने के लिए एसडीएम मोरिडा ने संबंधित अधिकारियों से बैठक कर वाहनों के रूट भी बदल दिए। इसी बीच लोगों को पता चला कि नींव पत्थर रखने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है, जिसके बाद उनके चेहरे लटक गए। इस दौरान आम आदमी पार्टी हलका प्रधान चमकौर साहिब डॉ. चरनजीत सिंह व ब्लॉक प्रधान सिकंदर सिंह सहेड़ी ने कहा कि अंडरब्रिज के निर्माण के लिए लोगों को गुमराह करने में कैबिनेट मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी एक माहिर खिलाड़ी हैं। इसका अंदाजा तीन वर्षों से इलाके की खस्ता हालत सड़कों से पता चलता है।