आटा चक्की में चोरों ने लगाई सेंध, हजारों के सामान पर हाथ साफ
गांव काहनपुर खुही में एक आटा चक्की को चोरों ने निशाना बनाते हुए हजारों की कीमत के सामान पर हाथ कर लिया।
संवाद सहयोगी, नूरपुरबेदी: पुलिस चौकी कलवां के अधीन पड़ते गांव काहनपुर खुही में मंगलवार देर रात एक आटा चक्की को चोरों ने निशाना बनाते हुए हजारों की कीमत के सामान पर हाथ कर लिया। आटा चक्की के मालिक रघुवीर सिंह निवासी गोचर ने बताया कि चोर उसकी आटा चक्की से वजन तोलने वाला कंडा, दो क्विंटल गेहू, 40 लीटर डीजल, 10 पुलिया, इंजन का बैटरा और दो क्विंटल कबाड़ सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर रफूचक्कर हो गए। उसने बताया कि उसे चोरी के बारे में उस समय पता चला, जब वह बुधवार सुबह आटा चक्की खोलने आया। इस बारे में पुलिस को सूचना दे दी है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी चोरों ने काहनपुर खुही में स्थित एक सर्विस स्टेशन पर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंधी पुलिस को अब तक कोई सुराग पता नहीं चल सका है। क्षेत्र में हो रही चोरियों के कारण दुकानदारों में दहशत का माहौल है। थाना नूरपुरबेदी के अधीन पड़ती पुलिस चौकी कलवां के इंचार्ज एएसआइ दीपक कुमार ने कहा कि इस घटना संबधी उन्हें अभी तक पता नहीं है। वह जरूरी कार्य से बाहर गए हुए हैं।