दूसरों की भलाई में जो आनंद वह अन्य कार्यो में नहीं
जागरण संवाददाता, नंगल : श्री पर्वतेश्वर महादेव शिव मंदिर गांव तलवाड़ा में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुर
जागरण संवाददाता, नंगल : श्री पर्वतेश्वर महादेव शिव मंदिर गांव तलवाड़ा में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुई। भक्तों का आध्यात्मिक मार्गदर्शन करते हुए स्वामी अतुल कृष्ण महाराज ने कहा कि अत्यंत आश्चर्य की बात है कि संसार में मनुष्य को छोड़कर किसी भी प्राणी के पास हाथ नहीं होते। अत: हमें उत्तम कर्म करते हुए जनकल्याण में तत्पर रहना चाहिए। दूसरों की भलाई एवं सेवा से जो संतुष्टि प्राप्त होती है वह अन्य उपायों से संभव नहीं। जिस दिन हमारी खोज अंतर यात्रा में बदल जाएगी उस दिन हम धन्य हो जाएंगे। ईश्वर की आराधना से मन श्रद्धामय हो जाता है। बिना श्रद्धा एवं विश्वास के बुद्धि तामसी बनकर पतन के मार्ग पर चल पड़ती है। ऐसे नास्तिक लोग न अपना भला कर पाते हैं न ही दूसरों का।
कहा कि अनंत परमात्मा का ज्ञान भी अनंत ही है। जो भक्त भगवान का चिंतन करते है उनकी मति सूक्ष्म होकर सतत विश्राति का अनुभव करती है। भगवान का चरित्र हमारे जीवन को उन्नत एवं यशस्वी बनाता है। यदि मूर्खता एवं अज्ञान छोड़कर प्रभु की शरण में चले जाएं तो सुख व आनंद की कतारें पीछे-पीछे दौड़ेंगी। जो भजन नहीं करते वे मुर्दे के समान हैं। कथा में जरासंध का वध, युधिष्ठिर का राजसूय यज्ञ, सुदामा को ऐश्वर्य की प्राप्ति, सुभद्रा विवाह एवं परीक्षित को मोक्ष प्राप्ति का प्रसंग सुनाया गया। इसके बाद सभी ने ब्रज की होली का भी आनंद लिया। कार्यक्रम में आयोजन समिति के प्रतिनिधियों शंभू दत्त शास्त्री, सीआर मेहर, मास्टर राजकुमार, दीपा, विजय मेहर, संजय मेहरा, सुरेंद्र कुमार, विशन दास, केवल कृष्ण, प्रवीन कुमार, विशन स्वरूप, नितिन मेहरा, डॉ. शिप पाल कंवर, पूर्व सरपंच गुरबख्श राय वर्मा, सतपाल मेहरा, वेद प्रकाश, मदन लाल वर्मा, एडवोकेट राहुल वर्मा, मोहित, कुलदीप शारदा सहित भक्तजन शामिल थे।