भाविप की नई कार्यकारिणी ने ली समाजसेवा की शपथ
जागरण संवाददाता, नंगल : भारत विकास परिषद भाखड़ा नंगल की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो
जागरण संवाददाता, नंगल : भारत विकास परिषद भाखड़ा नंगल की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो गया। एक बार फिर सभी सदस्यों ने संगठन के सरोकारों को सफल बनाने के लिए शपथ ग्रहण करके संकल्प लिया कि समाज की बेहतरी तथा जरूरतमंदों की सेवा के प्रयासों में तेजी बरकरार रहेगी। भाविप के नए अध्यक्ष बने कुलदीप शर्मा की टीम में शामिल हुए सदस्यों को जिलाध्यक्ष अशोक मनोचा ने शपथ ग्रहण करवाई। कार्यक्रम में नंगल के डीएसपी जीपी सिंह मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संदेश में भाविप के कार्यो को सराहनीय बताते हुए सहयोग का आश्वासन दिया। नवनियुक्त अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने बताया कि संगठन ने सांस्कृतिक सप्ताह में राज्यभर में दूसरी बार प्रथम स्थान हासिल किया है, जबकि पूरे भारत में नंगल ब्रांच तीसरे स्थान पर भी अपना स्थान बना चुकी है। नई पीढ़ी को संस्कारवान तथा चरित्रवान बनाने के लिए खेलों जैसे आयोजन करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति के प्रचार प्रसार के लिए भी काम किया जाएगा। वहीं दवेंद्र शर्मा को सचिव तथा मनोज मैहता को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अशोक शर्मा ने बताया कि सभी सदस्यों तथा इलाका वासियों के सहयोग से संगठन सांस्कृतिक सप्ताह मनाने को लेकर पंजाब में प्रथम स्थान पर आया है। कार्यक्रम में भाविप में शामिल हुए राजीव शर्मा का स्वागत करके उन्हें शपथ ग्रहण करवाई गई। समारोह में डॉ. आरके गुप्ता, डॉ. सत्यार्थी शर्मा, बलबीर सैनी, राजेश गुप्ता के अलावा राजी छाबड़ा, एसके पराशर, जरनैल सिंह संधु, प्रिंसिपल परविंदर कौर दूआ, प्रो. जेएस दूआ, कर्ण चौधरी, इंदु चौधरी, चित्रा शर्मा, राकेश कुमार, सीमा शर्मा, राजेश मोंगा, रश्मि आदि भी मौजूद थे।