न कर्मियों को वेतन न डीजल डलवाने को पैसे
पंजाब रोडवेज पनबस पीआरटीसी कांट्रैक्ट वर्कर यूनियन पंजाब ने कहा कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने समेत अन्य मांगों का हल निकालने की जगह पर कर्मचारियों के साथ धक्केशाही की जा रही है।
जागरण संवाददाता, रूपनगर : पंजाब रोडवेज, पनबस, पीआरटीसी कांट्रैक्ट वर्कर यूनियन पंजाब ने कहा कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने समेत अन्य मांगों का हल निकालने की जगह पर कर्मचारियों के साथ धक्केशाही की जा रही है। राज्य स्तरीय कांफ्रेंस में राज्य प्रधान रेशम सिंह गिल, सचिव शमशेर सिंह ढिल्लों, सीनियर उप प्रधान हरकेश कुमार बिक्की, बलजीत सिंह गिल, कैशियर बलजिदर सिंह ने कहा कि पिछले दिनों पंजाब भवन में ट्रांसपोर्ट मंत्री और ट्रांसपोर्ट के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में जत्थेबंदी ने पिछली सरकार में पक्के हुए कर्मचारियों को जारी हुए पत्र दिखाए गए, लेकिन उच्चाधिकारी कर्मचारियों की मांगों का हल करने के लिए तैयार नहीं हैं। कांट्रैक्ट और आउटसोर्सिंग पर भर्ती कर्मचारियों का कोई हल निकालने की कोशिश नहीं की जा रही। मुलाजिमों को 12 -14 साल हो चुके हैं और वह ठेकेदारी व्यवस्था की दलदल में फंसे हैं। इस सरकार से कोई उम्मीद थी , लेकिन नई सरकार ने भी पनबस में नई भर्ती करने का ऐलान किया है। जब तक सरकार कोई कानून नहीं बनाती, तब तक यूनियन कोई भी आउटसोर्सिंग भर्ती नहीं होने देगी। संयुक्त सचिव जगतार सिंह, जलोर सिंह, उपप्रधान सतविदर सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब भर के जो भी शहरों में पंजाब रोडवेज और पीआरटीसी के डिपो हैं, उन सभी शहरों में डीजल पंप वालों के 60 लाख से 70 लाख रुपए के हिसाब के साथ करोड़ों रुपये बकाया अदा करने के लिए विभाग के पास पैसे तक नहीं हैं।
उप प्रधान जोध सिंह ने बताया कि 24 मई को दो घंटे के लिए पंजाब के सभी पंजाब रोडवेज और पीआरटीसी के बस स्टैंड बंद कर रोष प्रदर्शन किए जाएंगे, 28 और 29 मई को पंजाब के सभी विधायकों और मंत्रियों को मांग पत्र देकर छह जून को गेट रैली करने के बाद अगले तीन दिन हड़ताल की जाएगी।