फतेहगढ़ साहिब के ध्यानार्थ:: अचानक स्टार्ट हुआ ट्रैक्टर, नीचे सो रहा युवक आया चपेट में, मौत
चीनी मिल मोरिडा में गन्ना लेकर आए एक किसान गुरदीप सिंह का ट्रैक्टर अचानक स्टार्ट हो गया।
संवाद सूत्र, मोरिडा: चीनी मिल मोरिडा में गन्ना लेकर आए एक किसान गुरदीप सिंह का ट्रैक्टर अचानक स्टार्ट हो गया। इस बीच उसका दोस्त इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। शुगर मिल मोरिडा के सीसीडीओ जगदीश सिंह ने बताया कि गुरदीप सिंह पुत्र मेवा सिंह जिला फतेहगढ़ साहिब अपने दोस्त जसवंत सिंह के साथ मिल में गन्ना लेकर आया था। रात को जसवंत सिंह ने गुरदीप सिंह को यह कहकर घर भेज दिया कि ट्रैक्टर के नीचे बनाई छत्तरी में आराम करने के लिए सिर्फ एक ही चारपाई है। तुम घर चले जाओ और में ट्रैक्टर खाली करवाकर सुबह घर आ जाऊंगा। इस दौरान रात करीब 12 बजे अचानक ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया। ट्रैक्टर में चाबी बीच ही लगी थी। कंबल लपेटे हुआ जसवंत सिंह ट्रैक्टर के नीचे आने से गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी टांगें टूट गईं। इसके बाद शुगर मिल के कर्मचारी जसवंत सिंह को सरकारी अस्पताल ले गए। वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआइ चंडीगढ़ ले जाने के लिए कहा।
इसी बीच जसवंत सिंह ने कहा कि उसे सुरजीत अस्पताल ले चलो। वहां पहुंचने पर भी डॉक्टरों ने जसवंत सिंह को पीजीआइ लेकर जाने के लिए कहा। इसी बीच जब शुगर मिल के कर्मचारी उसको पीजीआइ लेकर जा रहे थे, तो जख्मों की पीड़ा न सहते हुए जसवंत सिंह ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
वारिसों को देंगे दो लाख का मुआवजा वहीं सीसीडीओ जगदीश सिंह ने बताया कि शुगर मिल मोरिडा में गन्ना लेकर आने वाले किसानों के लिए शुरू की गई स्कीम किग ग्रोअर वेलफेयर फंड में से दो लाख का मुआवजा मृतक जसवंत सिंह के वारिसों को दिया जाएगा।