भगवान की कृपा से होती है लक्ष्य की प्राप्ती : महंत साधवानंद
श्री कृष्ण जन्माष्टमी को समर्पित श्रीमद्भागवत कथा का धार्मिक कार्यक्रम शनिवार पांचवें दिन भी भक्तिमय वातावरण में जारी रहा।
जागरण संवाददाता, नंगल : श्री कृष्ण जन्माष्टमी को समर्पित श्रीमद्भागवत कथा का धार्मिक कार्यक्रम शनिवार पांचवें दिन भी भक्तिमय वातावरण में जारी रहा। ऊषा माता मंदिर प्रांगण में सुबह छह बजे शुरू हुए हवन में मंदिर प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष जीत राम शर्मा सहित अन्य भक्तजनों ने आहुतियां डाल कर सुख समृद्धि की कामना की।
इस दौरान श्रीश्री 1008 महंत साधवानंद महाराज ने बताया कि 12 अगस्त जन्माष्टमी तक सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक व सायं छह बजे से 7.30 बजे तक हवन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी को मानवता के भले के लिए कार्य करना चाहिए। कभी भी दूसरे का नुकसान करके अपना भला नहीं सोचना चाहिए। जरूरतमंदों की सेवा करना ही प्रभु की सच्ची भक्ति है। भगवान की कृपा प्राप्त करके ही जीवन के उच्च लक्ष्यों की प्राप्ति की जा सकती है। इस मौके पर भारी संख्या में भक्तजनों ने हवन यज्ञ में आहुतियां डाल कर लोक कल्याण की कामना की।
उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी कार्यक्रम का आयोजन कोविड 19 की हिदायतों के अनुसार आयोजित किया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रम में बताया जाएगा कि सच्चिदानंद भगवान श्री कृष्ण ने मानवता को अपनी लीलाओं के माध्यम से कौन-कौन सी शिक्षाएं दी हैं जिनके अनुसरण से मनुष्य अपने जीवन को संस्कारवान बना कर प्रभु कृपा प्राप्त कर सकता है। इस मौके पर पं. शाम सुंदर, तरूण शर्मा, सुमित शर्मा, संतोष शर्मा, चंचला, आशा देवी, रचना आदि भी मौजूद थे।