दंत चिकित्सा पखवाड़े का लाभ उठाएं लोग: डॉ. आशुतोष
आनंदपुर साहिब के भाई जैता जी सिविल अस्पताल में रविवार को दंत चिकित्सा पखवाड़ा शुरू हुआ।
संवाद सहयोगी, आनंदपुर साहिब: आनंदपुर साहिब के भाई जैता जी सिविल अस्पताल में रविवार को दंत चिकित्सा पखवाड़ा शुरू हुआ, जिसका उद्घाटन अस्पताल के एसएमओ डॉ. आनंद घई ने किया। इस दौरान दंत विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष शर्मा ने कहा कि पखवाड़े में मरीजों की जांच कर उनका मुफ्त इलाज भी किया जाएगा। इसके अलावा आम लोगों विशेषकर स्कूली बच्चों को दांतों की संभाल के बारे में सेमिनार लगाते हुए जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त डेंचर भी लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय सिविल अस्पताल में दांतों से जुड़ी बीमारियों का सफल इलाज किया जाता है। लोग यहां- वहां भटकने की बजाय सिविल अस्पताल में उपलब्ध दंत चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाएं। इस मौके पर डॉ. वीर सिंह बैंस सहित डॉ. शैलेंद्र गुप्ता, डॉ. अमरिदर सिह व संजीव आदि के अलावा समूह स्टाफ मेंबर उपस्थित थे।