केंद्र सरकार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेगी सीटू
सेंटर ऑफ ट्रेड यूनियन (सीटू) जिला रूपनगर इकाई ने बैठक कर राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारिया शुरू कर दी हैं।
जागरण संवाददाता, नंगल
सेंटर ऑफ ट्रेड यूनियन (सीटू) जिला रूपनगर इकाई ने बैठक कर राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारिया शुरू कर दी हैं। सीटू के जिला प्रधान गुरदेव सिंह बागी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पहुंचे सीटू के प्रातीय प्रधान कामरेड महा सिंह रोड़ी ने बताया कि आठ जनवरी को की जा रही देशव्यापी हड़ताल करने की तैयारी शुरू की जा चुकी है। इस हड़ताल में एक नहीं, कई ट्रेड यूनियन शामिल होंगी। हड़ताल का मकसद देशभर के मजदूरों पर मंडरा रहे खतरे के मद्देनजर लोगों को जागरूक करके कामगार वर्ग को संघर्ष के लिए एकजुट करना है। उन्होंने कहा कि मनरेगा के विकास बोर्ड को खत्म कर केंद्र सरकार श्रमिकों के 42 हजार करोड़ हड़पने की कोशिश केंद्र सरकार कर रही है , जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक फैसला लिया गया कि हर दुकानदार व आम व्यक्ति तक पहुंच कर हड़ताल को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि सभी कामगार एकजुट हों, ताकि सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण सरकारी संस्थानों का निजीकरण शुरू हो रहा है, जिसके परिणामस्वरूप देश में कामगार वर्ग का शोषण बढ़ने के साथ-साथ बेरोजगारी में भी रिकॉर्ड इजाफा होगा। मीटिंग में सुखदेव सिंह डिगवा, राजा सिंह, विनोद भट्टी, प्रेमचंद, नरदेव शर्मा, तरसेम अजौली, रघुवीर सिंह दर्शी, रणजीत कौर, जगदीश सिंह व प्राण नाथ आदि भी मौजूद थे।