नगर कौंसिल टीम ने पकड़े दस बेसहारा जानवर, गोशाला में छोड़े
नंगल शहर में बेसहारा जानवरों को पकड़ने के लिए शुरू किए गए अभियान का असर दिखना शुरू हो चुका है।
जागरण संवाददाता, नंगल
नंगल शहर में बेसहारा जानवरों को पकड़ने के लिए शुरू किए गए अभियान का असर दिखना शुरू हो चुका है। शुक्रवार को भी कौंसिल के कर्मचारियों ने राज नगर तथा वरुण देव मंदिर के आसपास घनी आबादी में पहुंचे गाय व बैलों को पकड़ने का कार्य जारी रखा। इस दौरान दस बेसहारा जानवर पकड़े गए। सेनेटरी इंस्पेक्टर मदन लाल व मुकेश कुमार ने बताया कि पंजाब विधानसभा के स्पीकर राणा केपी सिंह की ओर से शहर को बेसहारा जानवरों से मुक्त करवाने का अभियान गत 14 सितंबर को शुरू किया गया था। राजनगर तथा ख्वाजा मंदिर क्षेत्र से दस बेसहारा साड व घूम रही गायों को पकड़कर गोविंद गोधाम गोशाला पहुंचाया गया। उधर स्पीकर राणा केपी सिंह के आदेशों का स्वागत करते हुए शहर के लोगों मास्टर नानक सिंह बेदी, केएन शारदा, भूषण भल्ला, राज कुमार राणा, प्रमोद पुरी ने कहा है कि नगर कौंसिल के कर्मचारियों के प्रयास सराहनीय हैं। निश्चित रूप से यह प्रयास शहर में बरकरार एक बड़ी समस्या को खत्म करेंगे। उन्होंने बताया कि दशकों से बरकरार जानवरों की समस्या यदि पूरी तरह से खत्म होती है, तो सही मायनों में शहर वासियों को बड़ी राहत मिलेगी।