Move to Jagran APP

पुलिस ने रोकी किसानों की राह, लोगों का सफर हुआ मुश्किल

पंजाब के आंदोलनकारी किसानों और हरियाणा पुलिस के बीच शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन संघर्ष हुआ।

By JagranEdited By: Published: Fri, 27 Nov 2020 11:36 PM (IST)Updated: Fri, 27 Nov 2020 11:44 PM (IST)
पुलिस ने रोकी किसानों की राह, लोगों का सफर हुआ मुश्किल
पुलिस ने रोकी किसानों की राह, लोगों का सफर हुआ मुश्किल

जागरण संवाददाता, पटियाला, राजपुरा : कृषि सुधार कानूनों के विरोध में पंजाब के आंदोलनकारी किसानों और हरियाणा पुलिस के बीच शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन संघर्ष हुआ। किसानों को रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने घग्गर दरिया के पुल पर बैरिकेड्स और भारी पत्थर से रास्ता बंद किया हुआ था लेकिन वह आंदोलनकारी किसानों को हरियाणा में एंट्री से रोकने में सफल न हो सके।

loksabha election banner

इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों पर चाहे पानी को बौछारों और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया लेकिन प्रदर्शनकारियों ने भी पलटवार करने का मौका न छोड़ा। दिल्ली कूच करने के लिए किसान इतने आतुर रहे कि वह पुलिस की ओर से फेंके आंसू गैस के गोलों को उठाने से भी नहीं झिझके और मौका मिलते ही जहरीला धुआं छोड़ रहे इन गोलों को उठाकर घग्गर दरिया में फेंक दिया।

प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक्टरों की मदद से बैरिकेड्स को भी हटाकर रास्ता क्लियर किया। किसानों और हरियाणा पुलिस के बीच यह संघर्ष करीब दो घंटे तक चला तो उसके बाद हरियाणा पुलिस ने रुख नरम किया और किसानों व अन्य लोगों को हरियाणा में एंट्री करने दी।

-----------

लगातार दूसरे दिन परेशान रहे यात्री

किसान आंदोलन के चलते लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को शंभू बैरियर पर पहुंचने वाले यात्रियों को अपनी मंजिल की ओर बढ़ने में परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को अपने बच्चों और सामान उठाकर पंजाब से शंभू टोल प्लाजा तक पहुंचने में करीब पांच से सात किलोमीटर का सफर पैदल ही करना पड़ा। लुधियाना से अंबाला के लिए परिवार समेत निकले पंकज कुमार ने बताया कि वह करीब पांच किलोमीटर पैदल चलकर शंभू टोल प्लाजा तक पहुंचे हैं। इसी तरह फगवाड़ा से मुरादाबाद (यूपी) के लिए निकले आतिश और मोनू को शंभू बार्डर पार करने के लिए करीब सात किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। उन्होंने कहा कि घर में विवाह समागम है तो इसके लिए जाना भी जरूरी है लेकिन इस दौरान उन्हें दिक्कत हुई है। दूसरी ओर जहां घग्गर दरिया के पुल पर हरियाणा पुलिस और आंदोलनकारी आमने-सामने थे तो बड़ी संख्या में यात्री घग्गर दरिया के बहते पानी के बीच से ही अपनी मंजिल की ओर बढ़ने का प्रयास करते देखे गए।

-----------

आदेश मिले तो बार्डर खोला: एसपी

एसपी अंबाला राजेश कालिया ने बताया कि शुक्रवार सुबह जो बार्डर बंद किया था, उस संबंधी आदेश मिला कि बार्डर खोल दिया जाए। इसके तहत ही बार्डर खोल दिए गए हैं। अब किसी को भी रोका नहीं जा रहा। अगर हमें फिर से बार्डर बंद करने के आदेश आए तो आदेशों का पालन किया जाएगा।

-------------

किसान आंदोलन टाइमलाइन

शंभू बार्डर सील: शुक्रवार सुबह आठ बजे

-सुबह 11.00 बजे: आंदोलनकारी किसानों की घग्गर पुल खुलवाने के लिए कशमकश।

-12:30 बजे: आंदोलनकारी किसानों पर हरियाणा पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया

-12: 35: आंदोलनकारी किसानों पर हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोलों का इस्तेलाम किया।

- 12: 40 बजे- किसानों ने हरियाणा पुलिस के बैरिकेडस घग्गर पुल से दरिया में फेंके।

-1:20 बजे- किसानों के संघर्ष के बाद हरियाणा पुलिस ने घग्गर पुल पर लगी नाकाबंदी में ढील दी।

-2.30 बजे- घग्गर पुल को दोबारा से बंद करने की हरियाणा पुलिस की कोशिश।

2:45- किसानों पर दोबारा से आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल

3:15- हरियाणा पुलिस ने घग्गर पुल को बंद करने का फैसला टाला।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.