दहेज मांगने पर चंडीगढ़ निवासी पिता पुत्र पर केस दर्ज
वूमेन थाना पुलिस ने दहेज मांगने के मामले में पिता पुत्र पर केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, पटियाला : वूमेन थाना पुलिस ने दहेज मांगने के मामले में पिता पुत्र पर केस दर्ज किया है। यह मामला मनमीत कौर निवासी मालवा एनक्लेव पटियाला की शिकायत पर अमरिदर सिंह व उसके पिता भूपिदर सिंह निवासी पुलिस सोसायटी सेक्टर 51 डी चंडीगढ़ पर दर्ज हुआ है। आरोपित भूपिदर सिंह रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर है जबकि अमरिदर सिंह कनाडा का पीआर है।
मनमीत कौर ने बताया कि एक विज्ञापन के जरिए आरोपित परिवार से उनके परिवार का संपर्क हुआ था। जिसमें इन लोगों ने बताया कि अमरिदर सिंह कनाडा का पक्का निवासी है और उसकी मोटी इनकम है। दोनों परिवारों की सहमति के बाद 14 फरवरी 2020 को शादी हो गई थी लेकिन शादी के कुछ महीने के बाद ही दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। मनमीत कौर ने कहा कि शादी के समय उनके परिवार ने 50 से 55 लाख रुपये खर्च किया गया। इसके बाद भी उसके ससुराल वालों की दहेज की मांग खत्म नहीं हुई। जुलाई 2020 को पुलिस कंप्लेंट करने के बाद पूरा परिवार घर से फरार हो गया था। दहेज के लिए उसके साथ मारपीट की जाती थी, परेशान होकर उसने अपने ससुर सास और पति के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस में कंप्लेंट दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसने वूमेन सेल पटियाला में शिकायत दर्ज करवा दी थी। यहां पड़ताल के दौरान आरोपित पेश नहीं हुए। पुलिस ने पति और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया जबकि उसकी सास पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इस संबंध में अदालत में भी केस दायर किया है। उनकी मांग है कि जल्द आरोपितों को गिरफ्तार किया जाए और सास को इस केस में नामजद किया जाए।