अदालत पहुंचने से रोकने को गवाहों से मारपीट, एक गिरफ्तार
थाना अर्बन एस्टेट में मार्च 2021 को दिनदहाड़े दीपक नामक युवक का कत्ल करने के मामले में गवाहों को अदालत पहुंचने से रोकने के लिए हमला करके जख्मी कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, पटियाला : थाना अर्बन एस्टेट में मार्च 2021 को दिनदहाड़े दीपक नामक युवक का कत्ल करने के मामले में गवाहों को अदालत पहुंचने से रोकने के लिए हमला करके जख्मी कर दिया गया। गवाहों पर हमला करने के मामले में थाना लाहौरी गेट पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जग्गू धीमान निवासी साहिब नगर थेड़ी, पटियाला के रूप में हुई है जबकि इसका दूसरा साथी इमरान खान निवासी दीनदयाल उपाध्याय नगर नजदीक एसएसटी नगर, पटियाला फरार हो गया। पुलिस के अनुसार इन दोनों के साथ चार अज्ञात लोग भी शामिल थे। जिनकी पहचान के लिए कार्रवाई की जा रही है। थाना लाहौरी गेट पुलिस ने इस मामले में एएसआइ नरिदर सिंह जिला अदालत डोर फ्रेम इंचार्ज के बयानों पर केस दर्ज कर लिया है।
थाना लाहौरी गेट के इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश मल्होत्रा ने बताया कि घटना जिला अदालत की बिल्डिग के बाहर हुई है और मौके पर ही पुलिस ने जग्गू धीमान को गिरफ्तार कर लिया है। 29 नवंबर को दीपक कत्ल केस की गवाही देने के लिए हरकेश कुमार और राजू गिर जा रहे थे। जिनके साथ उक्त लोगों ने मारपीट की ताकि यह लोग अदालत ना पहुंच सके।
पुलिस के अनुसार 14 मार्च 2021 को साहिब नगर थेड़ी शराब के ठेके के बाहर आरोपितों के साथ दीपक की बहस हो गई जबकि इन लोगों के साथ तीन महीने पहले भी झगड़ा हुआ था। आरोपित लल्ला मृतक दीपक के मोहल्ले में रहता था, जिस वजह से दोनों में पहले से ही रंजिश थी। तीन महीने पहले हुए झगड़े के बाद राजीनामा पंचायती तौर पर हुआ था लेकिन रंजिश नहीं खत्म हुई थी। इस वजह से 14 मार्च को दोपहर के समय दोनों में बहस के बाद झगड़ा हुआ तो आरोपितों ने दीपक के पेट में चाकू घोंप दिया और दीपक के दोस्त राजू गिर पर भी चाकू से वार किए। राजू भी जख्मी हो गया लेकिन दीपक की अस्पताल में मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों आमिर खान उर्फ शालू निवासी एसएसटी,लवप्रीत सिंह उर्फ लल्ला निवासी गांव साहिब नगर थेड़ी व लाडी काणा निवासी गांव चौरा खिलाफ कत्ल केस दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया था।