हत्या से पहले मृतक काला की आरोपित से हुई थी हाथापाई
थाना सदर समाना के अंतगर्त आते गांव मरौड़ी निवासी काला सिंह का कत्ल करने से पहले दोनों के बीच हाथापाई हुई थी।
जागरण संवाददाता (समाना), पटियाला : थाना सदर समाना के अंतगर्त आते गांव मरौड़ी निवासी काला सिंह का कत्ल करने से पहले दोनों के बीच हाथापाई हुई थी। गिरफ्तार आरोपित परमजीत सिंह निवासी गांव मरौड़ी ने शुरुआती पूछताछ में ये खुलासा किया है। परमजीत सिंह घग्गर दरिया के किनारे पानी का लेवल मापने के लिए लगी मशीनरी की रखवाली के लिए प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता था। काला सिंह व परमजीत सिंह के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ समय पहले झगड़ा हुआ था। 16 अप्रैल की शाम को सात बजे परमजीत पैसों के संबंध में बातचीत करने के लिए अपने साथ काला सिंह को बाइक पर ले गया था। ड्यूटी वाले कैबिन के बाहर ही दोनों में पैसों को लेकर हाथापाई हो गई, जिसके बाद परमजीत सिंह ने काला सिंह को जख्मी करने के बाद नहर में फेंक दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर लौट आया था। वहीं घर न पहुंचने पर काला सिंह के पिता शीशा सिंह तलाश करने में जुट गए। परमजीत सिंह से पूछने पर उसने कहा कि बातचीत के बाद वह चला गया था। 18 अप्रैल को काला सिंह की लाश घग्गर दरिया के किनारे मिलने के बाद शीशा सिंह के बयान पर परमजीत सिंह के खिलाफ कत्ल केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।