पत्नी के साथ प्रेम संबंधों के कारण मजदूर की हत्या, शव खेत में दबाया
समाना के गांव धनेठा में महिला के साथ प्रेम संबंधों के कारण रंजिश में दो भाइयों ने साथी मजदूर की हत्या कर शव खेत में दबा दिया।
संवाद सहयोगी, समाना
समाना के गांव धनेठा में महिला के साथ प्रेम संबंधों के कारण रंजिश में दो भाइयों ने साथी मजदूर की हत्या कर शव खेत में दबा दिया। पुलिस ने दोनों भाइयों गुरजंट सिंह और गुरी निहंग के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान जगतार सिंह (40) पुत्र बंत सिंह निवासी गांव धनेठा के तौर पर हुई है, जो खेत मजदूर के तौर पर काम करता था।
जगतार सिंह 21 व 22 अप्रैल की रात से लापता था और परिवार उसे काफी दिनों ढूंढ रहा था। परिवार ने उसके परिजनों और दोस्तों से भी पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद जगतार के लापता होने की शिकायत पुलिस चौकी मवी में दर्ज करवाई।
बुधवार को गांव मवी पुलिस चौकी के इंचार्ज सुखचैन सिंह, फोरेंसिक टीम के सदस्यों इंस्पेक्टर मनजिदर सिंह, एएसआई परमजीत सिंह, एएसआइ अमरीक सिंह, साहिब सिंह, दर्शन लाल ने तहसीलदार समाना की मौजूदगी में खेत में दबाए जगतार सिंह के शव को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल समाना में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि जगतार सिंह के शव को आरोपितों ने खुर्दबुर्द कर दिया था।
दोस्ती कर घर में आना जाना शुरू कर पत्नी से बनाए प्रेम संबंध
जगतार सिंह और गुरजंट सिंह दोनों गांव धनेठा के किसान प्रदीप सिंह के खेत में मजदूरी करते थे। इस कारण दोनों में दोस्ती हो गई और एक-दूसरे के घर में आना जाना शुरू हो गया। इस दौरान जगतार ने गुरजंट की पत्नी के साथ प्रेम संबंध बना लिए। इसके बारे में गुरजंट को पता चल गया और वह जगतार के साथ रंजिश रखने लगा। इसी के चलते 21-22 अप्रैल की मध्य रात को मौका पाकर गुरजंट ने अपने भाई गुरी निहंग के साथ मिल कर जगतार सिंह की हत्या कर उसके शव को खेत में दबा दिया।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ हत्या का खुलासा
किसान प्रदीप सिंह ने बताया कि जगतार 21 अप्रैल को अनाज मंडी में फसल गिराकर रात करीब साढ़े नौ बजे अपने घर आ गया था, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर चला गया। इसके बाद से वह लापता हो गया। प्रदीप सिंह ने अपने दूसरे खेत मजदूर गरजंट सिंह से जगतार सिंह के बारे में पूछा तो उसने बताया कि 21 रात साढ़े नौ बजे जगतार सिंह उसके घर आया था और कुछ समय बाद चला गया। इसके बाद घटना संबंधी सूचना पुलिस को दे दी। इसके बाद पुलिस ने प्रदीप सिंह के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की तो रात करीब साढ़े 12 बजे जगतार सिंह और गुरजंट सिंह इकट्ठे जाते हुए की सीसीटीवी फुटेज मिली। इसमें वो दोनों देर रात इकट्ठे खेत जरूर गए, लेकिन वापस नहीं लौटे, जिससे पुलिस के शक की सुई गुरजंट सिंह की तरफ घूम गई। पुलिस ने गुरजंट सिंह को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की तो उसने अपने भाई की सहायता से जगतार सिंह की हत्या करने की बात कबूल ली।