चार दिन पहले 1.30 लाख लूटे, पीड़ित बोला, केस दर्ज करवाने की कंपनी से अब मिली मंजूरी
ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को ग्रुप लोन देने वाली कंपनी के कलेक्शन मैनेजर की आंखों में मिर्ची डाल बैग लूट लिया। बैग में करीब सवा लाख रुपये टैबलेट व दस्तावेज थे। घटना 27 नवंबर की है लेकिन पुलिस ने चार दिन के बाद मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, पटियाला : ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को ग्रुप लोन देने वाली कंपनी के कलेक्शन मैनेजर की आंखों में मिर्ची डाल बैग लूट लिया। बैग में करीब सवा लाख रुपये, टैबलेट व दस्तावेज थे। घटना 27 नवंबर की है, लेकिन पुलिस ने चार दिन के बाद मामला दर्ज किया। लूट के शिकार युवक की कंपनी की तरफ से केस दर्ज करवाने के लिए परमिशन देरी से मिलने पर कार्रवाई मौके पर शुरू न हो पाई। हालांकि पुलिस ने घटना वाले दिन सबूत जुटा लिए थे। पुलिस ने बुधवार को बूटा सिंह वासी भूपाल कलां (मानसा) के बयान पर दो अज्ञात युवकों पर थाना बनूड़ में केस दर्ज किया। थाना इंचार्ज सुभाष कुमार ने बताया कि अब शिकायतकर्ता की भूमिका को भी जांच के घेरे में रखा है।
पुलिस के अनुसार बूटा सिंह भारत फाइनांस इनकलेक्शन लिमिटेड राजपुरा स्थित ब्रांच का मैनेजर है। कंपनी गांव की महिलाओं को ग्रुप लोन देती है, जिसकी कलेक्शन बूटा सिंह करता है। बूटा सिंह कंपनी के साथ 14 महीने से जुड़ा हुआ है। 27 नवंबर को वह गांवों से किस्त इकट्ठी करने के बाद लौट रहा था। बैग में एक लाख तीस हजार, टैबलेट व लोगों के दस्तावेज थे। जैसे ही वह गांव खेड़ा गज्जू के पास पहुंचा तो बाइक सवार दो युवक उसकी आंखों में मिर्ची डाल बैग छीन ले गए। राहगीरों की मदद से बूटा सिंह ने आंखों को धोने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने पड़ताल शुरू की। घटनास्थल के आसपास कोई घर नहीं है और न ही सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
कंपनी की ट्रेस करने की कोशिश फेल
बूटा सिंह ने पुलिस को बताया कि कंपनी के हैदराबाद स्थित हेड आफिस को सूचना दी गई। हैदराबाद की टीम ने जब टैबलेट की लोकेशन के जरिए आरोपितों को ट्रेस करने की कोशिश की तो अंतिम लोकेशन राजपुरा आफिस की मिली। वहीं कई गांवों में बिना सुरक्षा के अकेले ही कैश इकट्ठा करने व टैबलेट की अंतिम लोकेशन कंपनी आफिस पाए जाने पर मैनेजर को पुलिस ने शक के घेरे में लिया है।
17 दिन में लूटपाट की छह वारदात
- 18 अक्टूबर : सनी एनक्लेव नजदीक डीएमडब्ल्यू कालोनी में सैर कर रहे धर्मेंद्र सिंह को गंडासी दिखाकर बाइक सवार दो लोगों ने लूट लिया था।
- 15 नवंबर : फोकल प्वाइंट के नजदीक रविंदर नामक एक व्यक्ति से फोन लूट लिया था। यह मामला थाना अनाज मंडी में दर्ज हुआ और आरोपित गिरफ्तार कर लिए थे।
- 19 नवंबर : विकास कालोनी वासी संजय नौहरियाको सुबह परिवार के साथ बाहर जाने की तैयारी करते समय पिस्तौल की नोक पर लूटने की कोशिश की गई थी।
- 25 नवंबर : थाना अनाज मंडी के अंतर्गत आते दर्शन नगर में सुरिंदर ठाकुर नामक व्यक्ति पत्नी के साथ जा रहा था तो रास्ते में दो युवकों ने पिस्तौल दिखाकर सोने की चेन और कान की बालिया लूट ली थी।