राम मंदिर भूमिपूजन के दिन देशभर में मनेगी दीपावली : स्वामी ज्ञानानंद महाराज
पटियाला विश्व विख्यात संत परम पूज्य महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद महाराज ने बताया कि अयोध्या में राममंदिर बनाने का सपना पूरा होना वाला है।
जेएनएन, पटियाला : विश्व विख्यात संत परम पूज्य महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद महाराज ने बताया कि अयोध्या में राममंदिर बनाने का सपना पूरा होना वाला है। उन्होंने बताया कि पांच अगस्त को दोपहर सवा 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के लिए भूमि पूजन अनुष्ठान करेंगे। महाराज ने बताया कि उसी दिन रात्रि को पूरी दुनिया में फैले रामभक्त दीपावली से पूर्व ही घर-घर दीप प्रज्ज्वलित करके खुशियां मनाएंगे। शहर हो या गांव घर-घर दीपोत्सव मनाया जाएगा। पांच सौ वर्षों के लंबे इंतजार के बाद जब मंदिर के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम होने जा रहा है तो इस मौके पर उन साधु-संतों को कैसे भुलाया जा सकता है। जिन्होंने मंदिर निर्माण के लिए लंबा संघर्ष किया था। इसीलिए केंद्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश के सीएम आदित्यनाथ योगी ने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज को इस कार्यक्रम के लिए विशेष तौर पर न्योता दिया है। संतों की ओर से हो रही मंदिर के विस्तार की मांग को भी ट्रस्ट ने गंभीरता से लिया है। जिससे कि अब मंदिर के डिजाइन में विस्तार से उसकी ऊंचाई 128 फीट से बढ़कर 161 फीट हो जाएगी। संभावना यह जताई जा रही है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा।