कोरोना से लड़ने के लिए अपनानी होगी करो या मरो की नीति: मेयर
जेएनएन पटियाला शाही शहर के सीनियर कांग्रेसी नेताओं ने रविवार को माल रोड पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास पहुंचकर भारत छोड़ो आंदोलन और यूथ कांग्रेस के स्थापना दिवस को मनाकर महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे नमन किया।
जेएनएन, पटियाला
शाही शहर के सीनियर कांग्रेसी नेताओं ने रविवार को माल रोड पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास पहुंचकर भारत छोड़ो आंदोलन और यूथ कांग्रेस के स्थापना दिवस को मनाकर महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे नमन किया।
मेयर संजीव शर्मा बिट्टू ने कहा कि जिस तरह से भारत को अंग्रेजों से आजादी दिलाने के लिए भारत छोड़ो आंदोलन हुआ था, ठीक उसी तरह आज हमें कोरोना वायरस के खिलाफ जंग जीतने के लिए करो या मरो की नीति को अपनाना होगा। कांग्रेस के शहरी प्रधान केके मल्होत्रा ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नीतियों के चलते ही हम देश को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्ति दिला सके थे। देश को आजाद करवाने के लिए कांग्रेस ने जितनी कुर्बानियां दी हैं, उतनी किसी अन्य राजनीतिक दल ने नहीं दी। कांग्रेस ने युवाओं को राजनीति में आने की पहल वर्ष 1960 में आज ही के दिन स्व. इंदिरा गांधी ने की थी। भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस से आज देश भर में करोड़ों युवा जुड़े कर विभिन्न पदों पर रहते हुए देश और पार्टी की सेवा कर रहे हैं।
पीआरटीसी के चेयरमैन एंव सीनियर कांग्रेसी नेता केके शर्मा ने कहा कि देश को आजाद करवाने के लिए लड़ी गई लंबी लड़ाई में कांग्रेस पार्टी की अहम भूमिका रही है। आजादी के बाद देश को प्रगति की ओर ले जाने में भी कांग्रेस की भूमिका भारत में हमेशा सुनहरी अश्ररों में लिखी जाएगी। देश के प्रत्येक वर्ग की तरक्की के साथ-साथ धर्मनिर्पेक्षता के लिए भी कांग्रेस की सराहना हमेशा विश्व भर में होती आई है। महात्मा गांधी देश के राष्ट्रपिता हैं और उनके द्वारा आज ही के दिन भारत छोड़ो आंदोलन को शुरू किया गया और इस आंदोलन की बदोलत हम अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर कर सके।
इस अवसर पर सीनियर नेताओं के साथ-साथ कई वार्ड पार्षद और कांग्रेसी कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद थे। सभी कांग्रेसी नेताओं ने इस कार्यक्रम दौरान सामाजिक दूरी और कोविड-19 को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जारी सभी सावधानियों का विशेष ध्यान रखा गया।