एकता कपूर की यू-टर्न मूवी में राजपुरा की एकेडमी के दो बच्चों का हुआ चयन
दिल में कुछ भी कर गुजरने की चाह हो तो कुछ भी मुश्किल नहीं लगता।
संस, राजपुरा (पटियाला) : दिल में कुछ भी कर गुजरने की चाह हो तो कुछ भी मुश्किल नहीं लगता। ऐसा ही कुछ कारनामा कर दिखाया है राजपुरा के दो मासूम बच्चों ने। दोनों बच्चे बालीवुड प्रोडयूसर व डायरेक्टर एकता कपूर की नई बन रही मूवी यू-टर्न में अपना अभिनय दिखाएंगे। दिव्यान व जपजी नामक दोनों बच्चे राजपुरा एलविन आर्ट एकेडमी के छात्र हैं। राजपुरा के विधायक हरदयाल सिंह कंबोज ने दोनों बच्चों को बधाई दी और शुभकामना देते हुए कहा कि छोटे बच्चे कच्ची मिट्टी के सामान होते हैं, उन्हें जिस भी सांचे में ढालो, वह उसी में रम जाते हैं।
एलविन आर्ट एकेडमी के डायरेक्टर रजत सिधी ने बताया कि यू-टर्न, मूवी का आडिशन आनलाइन हुआ था। एलकेजी के दिव्यान व पहली कक्षा की जपजी का चयन होने की जानकारी एकता कपूर की कंपनी बाला जी प्रोडक्शन मुंबई ने फोन पर दी। सिधी ने कहा कि यह राजपुरा शहर के लिए गर्व की बात है कि इलाके के दो प्रतिभावान बच्चों का बालीवुड के लिए चयन हुआ है। इससे जहां शहर का नाम पूरे देशभर में रोशन होगा वहीं बच्चों के टैलेंट के चर्चे भी देशभर में होंगे। उन्होंने बताया कि दिव्यान राजपुरा के वार्ड-16 निवासी कमल कपूर और दीक्षा कपूर का पुत्र है, जबकि जपजी पटियाला निवासी गुरप्रीत सिंह व दिलप्रीत कौर की बेटी हैं। दोनों बच्चे अगले महीने चंडीगढ़ में फिल्म की शूटिग में अपने अभिनय का जलवा दिखाएंगे। सिंधी ने बताया कि दोनों बच्चे स्केटिंग में भी माहिर हैं।