सुजानपुर में सब्जी और दूध की कमी
सुजानपुर में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद लोगों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं।
संवाद सहयोगी, सुजानपुर : सुजानपुर में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद लोगों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। प्रशासन के आदेश पर कर्फ्यू सख्त होने पर अब सुजानपुर में दूध और सब्जियों की कमी हो गई है। दुकाने बंद होने से निवासियों को रोजमर्रा की ये वस्तुएं नहीं मिल पा रही हैं। दूध की सप्लाई कम आने से यह दिक्कत बनी है। दुकानों पर ताला लटकने से सब्जियां भी नहीं बिक रही हैं। इसके लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीन दिन पहले कोरोना केस पॉजिटिव और मौत के बाद से सुजानपुर कस्बे को सील कर दिया गया है। यहां पर स्थानीय और बाहरी लोगों के आवागमन पर रोक लगी हुई है। इसका असर जरूरी वस्तुओं पर भी दिखने लगा है। उधर, विश्व हिदू परिषद के अध्यक्ष बाबा अनिल रिकू, श्री ब्राह्मण सभा सुजानपुर के अध्यक्ष सुनील शर्मा हैप्पी, सोशल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन महाजन, चेयरमैन प्रिसिपल त्रिभुवन सिंह ने संयुक्त तौर पर बताया कि सुजानपुर में जब से कोरोना पॉजिटिव केस आया है तभी से प्रशासन द्वारा सख्त कर्फ्यू के चलते सुजानपुर में सब्जी सप्लाई नहीं हो रही है। दूध की भी कमी पाई जा रही है जिसके कारण लोग परेशान हो रहे हैं। अगर यही स्थिति रही तो सुजानपुर के लोगों को भारी कठिनाइयों से जूझना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि सुजानपुर कस्बे में सब्जी तथा दूध की सप्लाई सुचारू करवाई जाए ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।