पांच दिन बाद आई वैक्सीन, 80 फीसद सेंटरों पर चार घंटे में हो गई खत्म
बुधवार को कुल 7598 लोगों का टीकाकरण हुआ। इसमें से 4574 लोगों को फर्स्ट डोज और 3024 लोगों को सेकेंड डोज लगाई गई।
जागरण संवाददाता, पठानकोट : एक ओर कोरोना की तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है और अस्थायी आइसोलेशन सेंटरों को अब भी चलाने के लिए कहा जा रहा है। सुरक्षा प्रबंध को मजबूत बनाने के लिए आक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। दूसरी ओर कोविड-19 की वैक्सीनेशन के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। जिले में पांच दिन बाद बुधवार को वैक्सीन, लेकिन 80 फीसद सेंटरों पर केवल चार घंटे में ही वैक्सीन समाप्त हो गई। ऐसे में कई लोग सुबह से अपनी बारी का इंतजार करते हुए नजर आए और बैरंग ही लौटे। दूसरी ओर कई ऐसे लोग भी हैं, जिन्हें पहली डोज लग चुकी है और सरकार के नर्देशानुसार 82 दिन बाद दूसरी डोज लगनी थी, लेकिन वैक्सीन समय पर नहीं आने के कारण लेट हो गए। बुधवार को सेहत विभाग की ओर से बनाए गए सभी सेंटरों पर वैक्सीनेशन शुरू हुई। युवाओं की सबसे ज्यादा इन सेंटरों पर लाइन लगी।
बुधवार को कुल 7598 लोगों का टीकाकरण हुआ। इसमें से 4574 लोगों को फर्स्ट डोज और 3024 लोगों को सेकेंड डोज लगाई गई। 18 से 44 साल के 3805 को फर्स्ट डोज और 480 को सेकेंड डोज लगाई गई। इसी प्रकार 45 से 60 साल के 745 लोगों को फर्स्ट डोज और 2348 को सेकेंड डोज लगी। 60 साल से अधिक उम्र के 24 लोगों को फर्स्ट डोज और 216 लोगों को सेकेंड डोज लगी। दोपहर एक बजे खत्म हो गई वैक्सीन
आर्य ब्वाय स्कूल और शहीद मक्खन सिंह स्कूल में सुबह से ही वैक्सीनेशन शुरू हो गई। लंबी लाइन लगने लगी। काफी लोग वैक्सीनेशन लगाने संबंधी पूछताछ के लिए पहुंच रहे थे। जानकारी मिलने पर वे अपने घर से बुजुर्ग और महिलाओं को भी साथ ला रहे थे। दोनों केंद्रों पर दोपहर करीब एक बजे वैक्सीन खत्म हो गई। इससे लोग काफी परेशान दिखे। उन्होंने सरकार व सेहत विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। बैरंग लौट रहे लोगों का एक ही सवाल था- क्या वीरवार को वैक्सीन लगेगी।