जमीन के विवाद को लेकर दो गुटों में झगड़ा, एक गंभीर
जमीन के विवाद को लेकर दो गुटों में झड़प हो गई। इस घटना में दो भाई घायल हो गए है जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
संवाद सहयोगी, पठानकोट : जमीन के विवाद को लेकर दो गुटों में झड़प हो गई। इस घटना में दो भाई घायल हो गए है, जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान पठानकोट निवासी रवि पुरी व इसका भाई तरुण पुरी के रूप में हुई है। तरुण पुरी ने बताया कि उनका एक प्लाट जोधामल कालोनी में है। उस प्लाट की रजिस्ट्री भी उनके पास है। जोधामल कालोनी के रहने वाले एक परिवार उसके प्लाट पर कब्जा करना चाहता है। यह मामला कोर्ट में चल रहा है। रविवार शाम को अपने घर पर थे तो उन्होंने देखा कि कुछ युवक उनके प्लाट में घुस आए। यह देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पीसीआर कर्मियों की मौजूदगी में उन्होंने युवकों से यहां आने का कारण पूछा तो पहले से ही योजना बनाकर आए उन दो युवकों के साथ और भी हमलावर गाड़ी से निकल कर आए और अपशब्द बोलते हुए अचानक तेजधार हथियारों के साथ उनके भाई राजीव पुरी और उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने राजीव पुरी पर तलवारों के साथ कई वार किए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ उनके भाई तरुण पुरी पर भी लोहे की राडों के साथ हमला करके घायल किया गया है। लहूलुहान एवं गंभीर स्थिति में सिविल अस्पताल के इमरजेंसी में राजीव पुरी को लाया गया। इस हमले में उनके सिर, बाजू, हाथों की अंगुलियां, पीठ और शरीर के कई अन्य हिस्सों पर तेजधार हथियारों से गहरे घाव किए गए है। डॉक्टरों की टीम द्वारा गहरे घावों पर टांके लगाकर और प्राथमिक उपचार किया गया। इस हमले की घटना के बाद विधायक अमित विज मौके पर अस्पताल पहुंचे और घायल का कुशलक्षेम पूछा। उन्होंने पुलिस को सख्त हिदायतें जारी की गई कि हमलावरों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
दो आरोपित पुलिस हिरासत में
एएसआइ रमेंश कुमार ने कहा कि हमला करने वाले एक युवक व एक लड़की को गिरफ्तार कर लिया है। अभी बाकी हमलावरों की तलाश के लिए छापामारी की जा रही है। जल्द बाकी के हमलावरों को गिरफ्तार करके पीड़ित पुरी परिवार को बनता न्याय दिलाया जाएगा।