बारिश के बाद ओएचई पर गिरे पेड़, जालंधर-पठानकोट रेल सेक्शन छह घंटे के लिए थमा
वीरवार की अर्धरात्रि हुई बारिश के बाद चली तेज हवा की वजह से टांडा-चौलांग स्टेशनों के पास ओएचई (ओवर हेड इलेक्ट्रिक वायर) पर पेड़ गिरने से जालंधर-पठानकोट रेल सेक्शन जाम हो गया।
जागरण संवाददाता, पठानकोट : वीरवार की अर्धरात्रि हुई बारिश के बाद चली तेज हवा की वजह से टांडा-चौलांग स्टेशनों के पास ओएचई (ओवर हेड इलेक्ट्रिक वायर) पर पेड़ गिरने से जालंधर-पठानकोट रेल सेक्शन जाम हो गया। रात्रि 1 बजे से जाम हुआ रेल सेक्शन सुबह करीब 7 बजे जाकर ठीक हुआ। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों से जालंधर के रास्ते जम्मूतवी व कटड़ा जाने वाली लंबी दूरी की सभी ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर रोक दिया गया। रेलवे अधिकारियों के इलावा ओएचई विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए ओर मंडल को स्थिति से अवगत करवाया। रेल सेक्शन बाधित होने की वजह से विभिन्न राज्यों से माता वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी, वहीं पठानकोट से जम्मू की ओर सफर करने वाले दैनिक यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। यह ट्रेनें हुई लेट
रेल सेक्शन जाम होने की वजह से दिल्ली से जम्मूतवी जाने वाली राजधानी सुपरफास्ट (12425) ट्रेन तीन घंटा देरी से पठानकोट पहुंची। इसी प्रकार दिल्ली से कटड़ा जाने वाली (14033) जम्मू मेल तीन घंटा, कोलकाता से जम्मूतवी जाने वाली (13151) 3:30 घंटा, अजमेर से जम्म्मूतवी जाने वाली (12413) पूजा सुपरफास्ट तीन घंटा, वाराणसी से जम्मूतवी जाने वाली (12237) बेगमपुरा डेढ़ घंटा, मुंबई से जम्मूतवी (12471) स्वराज सुपरफास्ट 1:30 घंटा, बठिडा से जम्मूतवी जाने वाली (19225) बठिडा-जम्मूतवी एक्सप्रेस 5 घंटा देरी से पठानकोट सिटी देरी से पहुंची। इसके इलावा पठानकोट से अमृतसर सुबह 4:25 बजे जाने वाली 2 घंटा व सुबह 8: बजे जाने वाली पैसेंजर आधा घंटा देरी से रवाना हुई। जम्मू व कटड़ा जाने वाले यात्री हुए परेशान
रेल यातायात बाधित होने के कारण यहां देश के विभिन्न राज्यों से जम्मूतवी व उधमपुर व कटड़ा जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं लोकल एरिया से माता वैष्णो देवी व जम्मू रोजाना काम काज पर जाने वालों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कटड़ा जाने वाले निशांत कुमार, साहिल शर्मा, कुलदीप कुमार, राकेश कचोत्रा आदि ने बताया कि सुबह 6 बजे जम्मू मेल से जाने के लिए वह साड़े पांच बजे स्टेशन पर पहुंच गए। लेकिन, स्टेशन पर आकर स्थिति का पता चला तो उन्हें मजबूरी में चार घंटा रुकना पड़ा। पठानकोट से कठुआ व सांबा रोजाना काम पर जाने वाले जनरलै सिंह, पप्पी, छांगा राम, गेजा राम ने कहा कि आज वह काम पर देरी से पहुंचेंगे जिस कारण उन्हें अपने सीनियर की बातें सुननी पड़ेगी। फाल्ट ठीक करने में लगा समय : स्टेशन अधीक्षक
कैंट रेलवे स्टेशन के अधीक्षक अश्वनी शर्मा ने पुष्टि करते हुए कहा कि बीती रात्रि बारिश के कारण टांडा-चौलांग के बीच पेड़ ओवर हैड इलेक्ट्रिक तार पर गिर गए थे। पेड़ गिरने के बाद सभी ट्रेनों को रोक दिया गया। रात्रि करीब 1 बजे सुबह 7 बजे तक जालंधर-कटड़ा अप लाइन पूरी तरह से ब्लॉक हो गई। कर्मचारियों को फाल्ट ठीक करने में करीब छह घंटे का समय लग गया। इस कारण देश के विभिन्न राज्यों से जम्मूतवी व कटड़ा जाने वाली करीब सभी ट्रेनें ढाई से तीन घंटा देरी से पहुंची।