नहीं थम रहा कोविड का कहर, 16 से कम उम्र के चार बच्चों सहित 37 पाजिटिव केस मिले
उल्लेखनीय है कि बीते वीरवार को जिले में 46 नये केस मिले थे। बीते सात दिनों में जिले में 171 लोग कोविड पाजिटिव हो चुके हैं। इसके साथ ही अब कोविड पाजिटिव पीड़ितों का कुल आंकड़ा 168 पहुंच गया है। सिविल अस्पताल प्रशासन के मुताबिक 120 कोविड पाजिटिव होम आइसोलेशन में हैं।
जागरण संवाददाता, पठानकोट: कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार को जिले में कोरोना के 37 मामले सामने आए। इनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। कोविड पीड़ित बच्चों में दो बच्चे दस साल से कम उम्र के हैं जबकि दो बच्चे 16 साल की उम्र तक के हैं। उल्लेखनीय है कि बीते वीरवार को जिले में 46 नये केस मिले थे। बीते सात दिनों में जिले में 171 लोग कोविड पाजिटिव हो चुके हैं। इसके साथ ही अब कोविड पाजिटिव पीड़ितों का कुल आंकड़ा 168 पहुंच गया है। सिविल अस्पताल प्रशासन के मुताबिक 120 कोविड पाजिटिव होम आइसोलेशन में हैं। बताया गया है कि शुक्रवार को 146 सैंपलों की रिपोर्ट आई है जबकि 556 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है। जिले में कोविड से अब तक 434 लोगों की मौत हो चुकी है।
सेहत विभाग की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि शुक्रवार को विभिन्न जगहों पर लगाए गए कैंपों में जिले में 2413 लोगों को कोविड वैकसीन की डोज लगाई गई। इनमें 580 लोगों को कोविड की पहली जबकि 1833 लोगों को कोविड की दूसरी डोज लगाई गई। इसके साथ ही सेहत विभाग की ओर से डीसी आफिस और सिविल अस्पताल सहित अन्य जगहों पर लोगों के कोविड सैंपल भी लिए गए।
अस्पताल प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि कोविड पीड़ितों के इलाज को लेकर तैयारियां कर ली गईं हैं। आक्सीजन प्लांट का ट्रायल कर लिया गया जोकि सफल रहा। अस्पताल में 75 बेड कोविड पीड़ितों के लिए तैयार किए गए हैं। और 72 बेड तैयार किए जा रहे हैं। सभी बेड को आक्सीजन की सीधी सप्लाई से जोड़ा जाएगा। जिले में विदेशों से लौटे लोगों के भी कोविड टेस्ट किए गए हैं। फिलहाल, जिन लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट आई है, उनमें से कोई पाजिटिव नहीं पाया गया है। जिले में फिलहाल ओमिक्रोन का कोई भी मामला नहीं आने की भी पुष्टि की गई है। एसएमओ डाक्टर राकेश सरपाल ने बताया कि कोविड के लेवल टू तक के मरीजों के इलाज की व्यवस्था है। लेवल थ्री के मरीजों के प्रबंध करने के लिए ट्रेंड स्टाफ ही नहीं है।