मौसम: छुंट्टी वाले दिन घरों में दुबके रहे लोग, एक हफ्ते तक जारी रहेगा ठंड का प्रकोप
मौसम विभाग की माने तो अगले दो दिन तक लोगों को सूर्य देव के दर्शन शायद ही हो सकें। वहीं ठंड का प्रकोप अभी तीन-चार दिन इसी प्रकार से रहेगा। रविवार को भी अधिकतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
संवाद सहयोगी, पठानकोट: हिमाचल प्रदेश व कश्मीर की वादियों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर पड़ रहा है। तीन दिनों से सूर्य देव के जहां लोगों को दर्शन नहीं हो पा रहे, वहीं धुंध ने भी कहर बरपा रही है। रविवार को दिनभर चली ठंडी हवाओं के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। दिनभर चली हवाओं के कारण लोग छुट्टी वाले दिन घरों में ही दुबके रहे। ठंड के चलते बाजार भी सूने रहे।
मौसम विभाग की माने तो अगले दो दिन तक लोगों को सूर्य देव के दर्शन शायद ही हो सकें। वहीं ठंड का प्रकोप अभी तीन-चार दिन इसी प्रकार से रहेगा। रविवार को भी अधिकतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। कारोबारियों का कहना है कि छुट्टी और त्योहार के दिन में आम दिनों की तुलना में ज्यादा ग्राहक पहुंचते, लेकिन इस बार ठिठुरन भरी ठंड के चलते सब कुछ जैसे थम सा गया है।
सुजानपुर में तीन दिन से नहीं दिखे सूर्य देव
पिछले तीन दिनों से सुजानपुर में सूर्य देवता के दर्शन न होने के चलते ठंड बढ़ गई है। वही ठंड के कारण बाजारों में रौनक भी नहीं है। नेशनल हाईवे रोड जम्मू-सुजानपुर पर सुबह काफी धुंध पड़ी रही। इससे सुबह गहरी धुंध के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंड बढ़ने के कारण लोगों के कारोबार ठप हो गए हैं वहीं बाजारों में मंदी छाई हुई है।