अबरोल नगर में गैस सिलेंडर फटने से छह झुलसे, दो गंभीर
अबरोल नगर में घरेलू गैस सिलेंडर फटने से छह लोग झुलस गए।
संवाद सहयोगी, पठानकोट : अबरोल नगर में घरेलू गैस सिलेंडर फटने से छह लोग झुलस गए। इनमें से दो की हालत गंभीर है और उन्हें डीएमसी रेफर किया गया है। यह घटना शुक्रवार देर शाम वार्ड तीन में हुई। यहां पर गुलशन नामक व्यक्ति के घर में सिलेंडर की पाइप बदलते समय गैस लीक होने से यह हादसा हुआ। गैस जलाते ही अचानक धमाका हो गया। घटना के समय परिवार के चार सदस्य एवं दो पड़ोसी मौजूद थे। घायलों में 35 वर्षीय किरण, 35 साल की शोभा, 40 साल की रिकू, साठ साल की कमला, 12 साल की दिशु, 14 साल की सृष्टि शामिल हैं। घायलों को सिविल अस्पताल में ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच कर रही है।
....
आग लगने पर ऐसे करें बचाव
-गैस सिलेंडर के ऊपर गीला कंबल या बैड सीट लपेटे
-गैस सिलेंडर की नोजल से निकल रही आग को बुझाने के लिए सबसे पहले सिलेंडर को टेढ़ा कर बाहर फेंक देना चाहिए या उसको पानी में डुबो देना चाहिए।
-फायर एक्सटिनग्विसर से आग पर काबू पाया जा सकता है।
सिलेंडर में लगी आग को रेत डालकर भी बुझाया जा सकता है।
-सिलिडर के आस-पास रखी जलने वाली चीजों को वहां से तुरंत हटा देना चाहिए। -फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचित कर देना चाहिए। कभी भी सिलेंडर आग लगने से फटता नहीं है. धमाका बाहरी हीट से होता है।
हर रात को गैस सिलेंडर का रेगुलेटर बंद करके ही सोना चाहिए।
गैस के पाइप को हर छह महीने में बदल लेना चाहिए
.........................
-ये रखें ध्यान
- गैस की गंध आए तो सबसे पहले खुद को शांत रखें और पैनिक न हों।
- गलती से भी किचन या घर में मौजूद इलेक्ट्रिक स्विच व अप्लायंसेस को ऑन न करें।
- किचन व घर की खिड़कियां व दरवाजे खोल दें।
- रेगुलेटर बंद करने पर भी गैस लीक हो रही हो तो उसे निकालकर सेफ्टी कैप लगा दें।
- गैस को बाहर निकालने के लिए फैन आदि न चलाएं।
- घर में यदि कोई दीपक या अगरबत्ती जल रही हो तो उसे बुझा दें।
- गैस के कारण आंखों में जलन हो तो उसे मसलने की जगह ठंडे पानी से धोएं।- मुंह पर कपड़ा बांधकर रखें ताकि सांस में गैस ज्यादा न जा पाए, नहीं तो समस्या हो सकती है।
- बच्चों का खासतौर पर ध्यान रखें उन्हें अपने आसपास ही रखें और स्विच आदि से दूर रहने के लिए कहें।