मेयर व प्रधान के लिए करना होगा इंतजार, शपथ गृहण कार्यक्रम स्थगित
मेयर व प्रधान के लिए पठानकोट व सुजानपुर वासियों को अभी ओर इंजतार करना पड़ेगा। कारण एडमिनिस्टेशन की व्यस्तता के चलते वीरवार को होने वाला शपथ ग्रहण कार्यक्रम स्थगित हो गया है।
जागरण संवाददाता, पठानकोट
मेयर व प्रधान के लिए पठानकोट व सुजानपुर वासियों को अभी ओर इंजतार करना पड़ेगा। कारण, एडमिनिस्टेशन की व्यस्तता के चलते वीरवार को होने वाला शपथ ग्रहण कार्यक्रम स्थगित हो गया है। जल्द ही सरकार द्वारा चुनाव को लेकर अगली तारीख का एलान किया जाएगा। कार्यक्रम स्थगित होने के पीछे मुख्य कारण मेयर व कौंसिल प्रधान पद के नाम पर सहमति न होने की बात को माना जा रहा है। हालांकि सत्ता पक्ष का कोई भी नेता इस बात पर टिप्पणी करने से बच रहा है।
इससे पहले पठानकोट के दूसरे मेयर पद को लेकर कांग्रेस के पन्ना लाल भाटिया व नितिन लाडी के बीच पेंच फंस गया है। पहले यहां पन्ना लाल भाटिया का नाम लगभग क्लियर माना जा रहा था, वहीं दोपहर बाद नितिन लाडी का नाम एक दम से उपर आने के बाद स्थिति बदलती नजर आ रही है। मेयर पद को लेकर बुधवार की शाम को चंडीगढ़ में विधायक अमित विज की प्रदेश हाईकमान, मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ से मीटिग होनी थी। मेयर पद को लेकर नाम फाइनल न हो पाने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया है। सुजानपुर में भी प्रधान पद को लेकर स्थिति असमंजस में
सुजानपुर में भी प्रधान पद को लेकर स्थिति असमंजस की बन गई है। सुजानपुर में कांग्रेस नेता अभी एक प्लेटफार्म पर नजर नहीं आ रहे हैं। जबकि, छह पार्षदों के साथ भाजपा एकजुट बैठी सारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। पंद्रह पार्षदों वाली सुजानपुर नगर कौंसिल में कांग्रेस के 9 पार्षद हैं। जबकि, एक वोट विधायक जोगिद्र पाल का भी पड़ेगा। ऐसे में कांग्रेस के 10 सदस्य हो जाएंगे। भाजपा के छह पार्षदों के साथ-साथ विधायक दिनेश सिंह बब्बू का भी वोट पड़ने के बाद भाजपा के पास सात सदस्य हो जाएंगे। जबकि, कांग्रेस के तीन पार्षद ऐसे हैं जो पिछली बार भाजपा के चुनाव निशान से जीतकर हाउस का सदस्य बने थे। ऐसे में कांग्रेस के बीच सहमति न बन पाने की सूरत में भाजपा की उन तीनों पार्षदों पर निगाहें लगी हुई हैं। ऐसे में क्या स्थिति बनती है यह तो आने वाला समय ही बताएगा। फिलहाल इतना तय है कि सुजानपुर में प्रधान पद को लेकर स्थिति असमंजस की है।
एडमिनिस्टेशन की व्यस्तता के चलते कार्यक्रम स्थगित
एडीसी कम निगम के एडिशनल कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि एडमिनिस्ट्रेशन की व्यस्तता के चलते वीरवार को होने वाला शपथ ग्रहण समारोह अगले आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। अगली तारीख कब आएगी इसके बारे में जैसे ही कोई आदेश आता है उसके अनुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।