पठानकोट में कांग्रेस का अनूठा प्रदर्शन, आलू-प्याज की टोकरियां लेकर अश्वनी शर्मा के घर के सामने किया प्रदर्शन
सोमवार को आलू व प्याज के दामों में वृद्धि के विरोध में भाजपा प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा के निवास स्थान के बाहर प्रदर्शन किया। जिला प्ला¨नग बोर्ड चेयरमैन अनिल दारा इंप्रूवमेंट ट्रस्ट चेयरमैन विभूति शर्मा पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष संजीव बैंस के साथ नेताओं व वर्करों ने प्रदर्शन करते किया।
पठानकोट, जेएनएन। महंगाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतर आई है। सोमवार को आलू व प्याज के दामों में वृद्धि के विरोध में भाजपा प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा के निवास स्थान के बाहर प्रदर्शन किया। जिला प्लानिंग बोर्ड चेयरमैन अनिल दारा, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट चेयरमैन विभूति शर्मा, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष संजीव बैंस के साथ नेताओं व वर्करों ने प्रदर्शन करते किया। प्रदर्शनकारी इंदिरा कालोनी से होते हुए अश्वनी शर्मा के निवास स्थान तक पहुंचे। इस दौरान सभी ने आलू व प्याज से भरी टोकरियां उठाकर केंद्र सरकार को महंगाई के लिए कोसा। कांग्रेस वर्करों की भीड़ देख पुलिस कर्मी पहले से तैनात थे।
पुलिस ने रास्ते में ही बेरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। बाद में अश्वनी शर्मा से भेंट करने के आग्रह पर कुछेक कांग्रेस के नेताओं को आगे जाने दिया गया। लेकिन प्रदेश प्रधान अपने निवास स्थान में नहीं थे। ऐसे में कांग्रेस नेताओं -वर्करों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार को महंगाई की जनक बताया व जनता के अहित में कार्य करने वाली पार्टी करार दिया। इस मौके पर कांग्रेस नेता भानुप्रताप सिंह, साहिब सिंह साबा, हरसिमरन बाजवा, पूनम ठाकुर, पम्मी पठानिया, रंजना महाजन, अलादीन, राज डोगरा, रजत शर्मा, लक्की, गगनदीप, जोरावर आदि मौजूद रहे।
केंद्र सरकार छीन रही निवाला : दारा
अनिल दारा ने कहा है कि केंद्र सरकार देशवासियों से निवाला छीनने पर उतारू है। सरकार उद्योगपतियों के हाथों में खेल रही है। यही वजह है कि महंगाई देश में चरम पर पहुंच चुकी है। आलू व प्याज के दाम आसमान छूने लगे हैं, जबकि यह हर घर की रसोई की जरूरत हैं। सरकार जनहित के फैसले लेने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं बचा है, लोगों का विश्वास पूरी तरह खत्म हो चुका है।
भाजपा कर रही हर वर्ग का शोषण : विभूति
विभूति शर्मा ने कहा है कि भाजपा सत्ता के नशे में मदहोश हो चुकी है। यही कारण है कि केंद्र सरकार को आमलोगों की कोई फिक्र नहीं है। महंगाई जिस तरीके से बढ़ रही है, उससे दिख रहा है कि सरकार इससे निपटने में असफल है। लोगों के लिए दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना मुश्किल हो रहा है। कांग्रेस जनता के साथ महंगाई को लेकर हल्ला बोल जारी रखेगी।