पंजाब में चोरी-छिपे प्रवेश करने वालों पर लगे रोक
पंजाब सरकार ने राज्य की सीमाएं शर्तो के साथ खोल दी हैं।
संवाद सहयोगी, बमियाल : पंजाब सरकार ने राज्य की सीमाएं शर्तो के साथ खोल दी हैं। पंजाब में प्रवेश करने वाले बाहरी राज्य से आ रहे लोगों को कोरोना वायरस को देखते हुए ई-रजिस्ट्रेशन करवा कर पंजाब में अनुमति का प्रावधान रखा गया है। सीमावर्ती क्षेत्र के इंटरेस्ट मार्ग फतेहपुर-खरकडा-ठुठौवाल-कठियालपुर के विकल्प मार्गों के जरिए जम्मू कश्मीर के लोग चोरी-छिपे पंजाब में प्रवेश कर रहे हैं। जम्मू कश्मीर पुलिस प्रशासन पंजाब के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने दे रहा। जम्मू कश्मीर पुलिस प्रशासन की सख्ती के चलते इस सीमावर्ती एरिया के कई लोग बेरोजगार होने की कगार पर पहुंच गए हैं। मोनू कुमार, विक्रम सिंह, दलवीर सिंह, रमन कुमार डोगरा, प्रेम कुमार ने कहा कि जेएंडके से संबंधित लोग बिना किसी रोक तो पंजाब में आ जा रहे हैं, परंतु पंजाब के लोगों को जेएंडके में प्रवेश न होने के चलते लोगों में रोष है। पिछले कई वर्षों से लोग अपनी रोजी-रोटी चलाने के लिए जेएंडके में काम करते आ रहे हैं, लेकिन कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन के चलते यह काम पर नहीं जा पाए। अब अनलॉक होने पर भी काम पर नहीं जा पा रहे हैं, क्योंकि जेएंडके पुलिस लोगों को प्रवेश नहीं करने दे रही। जेएंडके से कई लोग रोज सीमावर्ती एरिया के रास्तों के पंजाब में प्रवेश कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि लोगों की इस समस्या पर ध्यान दिया जाए।