महिला के साथ छेड़छाड़ के मामले में केस
महिला के साथ छेड़छाड़ और उसके पति के साथ मारपीट करने के आरोप में जिला पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपित फरार है। पीड़िता ने बताया कि वह घरेलू कामकाज करती है।
संवाद सहयोगी, पठानकोट : महिला के साथ छेड़छाड़ और उसके पति के साथ मारपीट करने के आरोप में जिला पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपित फरार है। पीड़िता ने बताया कि वह घरेलू कामकाज करती है। उसके तीन बच्चे है। उसका पति मेहनत मजदूरी का काम करता है। करीब एक वर्ष पहले उसका पंकज के साथ प्रेम संबंध बन गया। इसका फायदा उठाकर उक्त युवक उसके साथ शरीरिक संबंध बनाने लगा। युवक के साथ संबंधों का उसके पति को पता लगा। बाद में गणमान्य लोगों ने उनका राजीनामा करवा दिया। उसके बाद उसने उस युवक के साथ कोई संबंध नहीं रखा और अपने पति व बच्चों के साथ रहने लगी। पिछले कुछ समय बाद से उक्त युवक उसे दोबारा पहले की भांति संबंध बनाने के लिए उस पर दबाब बनाने लगा। पीड़िता का कहना है कि उसके मना करने पर युवक उसे धमकियां देने लगा कि अगर उसके साथ संबंध नहीं बनाए तो उसके पति और बच्चों को जान से मार देगा। उसका पति शाम को जब काम से घर आया तो उसने यह सारी बात अपने पति को बताई। उसका पति युवक को ऐसा करने से रोकने के लिए बाइक से युवक के घर गया। उसके पति ने अपनी बाइक उक्त युवक के घर के बाहर लगाई तथा उसे आवाज देकर बाहर बुलाया। जैसे ही उसके पति ने उक्त युवक को ऐसा करने से मना किया तो उक्त युवक तथा परिवार ने उसके पति के साथ मारपीट की। किसी तरह बच कर उसका पति वहां से भाग आया। पुलिस ने धारा 354ए और 506 के तहत केस दर्ज किया है।