कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है अग्निशमन केंद्र
रणजीत सागर बांध परियोजना के शाहपुरकंडी टाउनशिप और उच्चा थड़ा कालोनी का अग्निशमन केंद्र कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है।
संवाद सहयोगी, शाहपुरकंडी : रणजीत सागर बांध परियोजना के शाहपुरकंडी टाउनशिप और उच्चा थड़ा कालोनी का अग्निशमन केंद्र कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है। वहीं खस्ताहाल गाड़ियों के कारण इन केंद्रों पर काम राम भरोसे चल रहा है। दोनों जगहों पर लगभग 10 ड्राइवरों की जरूरत है, लेकिन मात्र पांच ही हैं। यहां पर तीन शिफ्टों में काम चलता है। इस समय त्योहारों का सीजन चल रहा है। वहीं कंडी क्षेत्र होने के कारण यहां वन संपदा को भी आग से बचाने की जिम्मेदारी इन दोनों अग्निशमन केंद्रों पर ही निर्भर है। अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार ने कहा कि अग्निशमन केंद्र में ड्राइवरों की कमी है। इसके लिए उच्च अधिकारियों को लिखा गया है। उम्मीद है कि जल्दी समस्या का समाधान हो जाएगा।