वाइस चासंलर के बरी होने पर जताई खुशी
आईके गुजराल टेक्निकल यूनिर्वसिटी के वाइस चांसलर रजनीश अरोड़ा के बरी होने पर पूर्व मंत्री मास्टर मोहन लाल ने खुशी व्यक्त की।
जागरण संवाददाता, पठानकोट : आईके गुजराल टेक्निकल यूनिर्वसिटी के वाइस चांसलर रजनीश अरोड़ा के बरी होने पर पूर्व मंत्री मास्टर मोहन लाल ने खुशी व्यक्त की। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री मास्टर मोहन लाल ने कहा कि 2017 में प्रदेश के अंदर सत्ता परिवर्तन होने के बाद कांग्रेस सरकार ने सबसे पहला काम वाइस चांसलर रजनीश अरोड़ा पर एफआइआर दर्ज करवाने का किया। उन्हें जेल में भेज दिया गया, उन्हें तरह-तरह की यातनाएं दी गई। उन पर आरोप लगाए गए कि उन्होंने बतौर वाइस चांसलर रहते हए कई प्रकार की अनियमितताएं की जो सरासर गलत साबित हुई। उनका कसूर सिर्फ यह था कि वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक छोटे से कार्यकर्ता थे। संघ का स्वयं सेवक होना कोई गुनाह तो नहीं। लेकिन, कांग्रेस इसे पचा नहीं पाई। इसके पीछे की सच्चाई यह है कि कांग्रेस उक्त पद पर अपने किसी खासमखास को लगाना चाहती थी। आखिरकार सेशन जज ने अपना फैसला सुनाते हुए बरी कर दूध का दूध पानी का पानी कर असलियत सबके सामने ला दी। फैसले के बाद पूर्व वाइस चांसलर को भी राहत मिली है।