यूथ कांग्रेस ने बोला हल्ला
किसान विरोधी नीतियों को लेकर यूथ कांग्रेस ने केंद्र सरकार को कोसा।
संवाद सहयोगी,सुजानपुर : किसान विरोधी नीतियों को लेकर यूथ कांग्रेस ने केंद्र सरकार को कोसा। एमएसपी बिल को लेकर केंद्र सरकार के फैसले के विरोध में यूथ कार्यकर्ताओं ने जमकर गुस्सा निकाला। मंगलवार को
जिला यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष तोषित महाजन की अध्यक्षता में किसान विरोधी एमएसपी बिल के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। मौके पर किसानों के हितों को अनदेखा करने और कुठाराघात करने पर केंद्र की नीतियों की आलोचना की गई। मौके पर
तोषित महाजन ने कहा कि एमएसपी बिल पूरी तरह से किसान विरोधी है। मोदी सरकार इस बिल को पास करने की साजिश कर रही है। अगर यह बिल पास हो गया तो इससे किसान पूरी तरह से खत्म हो जाएंगे। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलेगा। कारपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। जब से देश में नरेंद्र मोदी सरकार आई है तब से देश के हालात दिन-ब-दिन खराब हो रहे हैं। देश की आर्थिक स्थिति पूरी तरह से खराब हो चुकी है। कहा कि लॉकडाउन के दौरान काफी बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हुए हैं। सरकार ने इन लोगों के रोजगार के लिए कुछ नहीं किया गया। मजदूर, बेरोजगारों ,मध्यम वर्ग की जरूरतों को पूरा करने के लिए कुछ नहीं किया गया। वहीं किसानों को लाभ देने की बजाय उल्टा एमएसपी बिल को लागू करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है तथा इस बिल का जोरदार विरोध किया जाएगा। केंद्र सरकार से मांग है कि इस किसान विरोधी बिल को तुरंत वापस लिया जाए। कहा कि भाजपा ने लोकलुभावने वायदे कर सत्ता हासिल की। लोगों को उम्मीद थी कि भाजपा सरकार बनने के बाद उनके लिए कुछ करेगी। इसके विपरीत सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हो रही है। देश को अनाज देने वाला किसान बेहाल हो चुका है। इनकी आर्थिक स्थिति सुधारने की बजाय सरकार अपनी मनमानी करने पर उतारू है। किसान और आम जनता को दुखी करने पर केंद्र सरकार के मंसूबे कभी पूरी नहीं होंगे। इस अवसर पर सोशल मीडिया इंचार्ज पवन मेहरा,अतुल कुमार ,लाडी कुमार , सोनू कुमार,शम्मी भगत आदि उपस्थित थे।