पठानकोट में Sunny Deol की जीत के जश्न में भिड़े भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता, नौ घायल
भाजपा प्रत्याशी सनी देयोल की जीत के जश्न के दौरान तीन स्थानों पर भाजपा व कांग्रेसियों में कहासुनी झगड़े में बदल गई।
जेएनएन, पठानकोट। भाजपा प्रत्याशी सनी देयोल की जीत के जश्न के दौरान तीन स्थानों पर भाजपा व कांग्रेसियों में कहासुनी झगड़े में बदल गई। ये झगड़े वीरवार रात को पठानकोट के मोहल्ला न्यू सैनगढ़, चार मरला क्वार्टर व ढांगू रोड में हुए। तीन मामलों में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित 9 लोग घायल हुए। सभी ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस थाना में की है। इससे पहले घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पहला झगड़ा चार मरला क्वार्टर में कांग्रेसी व भाजपा वर्करों में हुआ। इस मारपीट में कांग्रेस वर्कर विजय कुमार व गणेश घायल हुए। अस्पताल के डॉक्टरों अनुसार घायल विजय कुमार की बाजू पर चोटें आई है। घायलो ने सिविल अस्पताल से मेडिकल व ट्रीटमेंट करवा इसकी शिकायत थाना डिवीजन नं. 2 में की है।
घायल वार्ड प्रधान गणेश का आरोप है कि वह वीरवार रात को अपने साथी विजय कुमार के साथ ढाकी रोड से सैर कर चार मरला क्वार्टर की ओर आ रहे थे। मोहल्ले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत को लेकर डीजे लगाया हुआ था। वह दोनों वहां से गुजर रहे थे कि बीजेपी वर्करों ने उन्हें चिढ़ाया कि स देओल जीत गया, हुण दस्सो। जवाब में उसने कहा कि आज आपकी बारी, कल हमारी होगी। इस बात से भड़के भाजपा वर्करों ने दातर से हमला कर साथी विजय कुमार को घायल कर दिया। जब वह उन्हें छुड़ाने लगे तो हमलावरों ने उन्हें भी घायल कर दिया। इस मारपीट को देख मोहल्लेे के लोग एकत्र हो गए। मोहल्ला वासियों ने झगड़े को छुड़वाया और उन्हें लहूलुहान हालत में सिविल अस्पताल में पहुंचाया।
दूसरा झगड़ा मोहल्ला न्यू सैनगढ़ में बीजेपी-कांग्रेस वर्करों के बीच हुआ। इस झगड़े में कांग्रेस गुट के एक ही परिवार के चार लोग प्रदीप महाजन, इनकी धर्म पत्नी राधा महाजन, बेटे अभिषेक महाजन, सनम महाजन घायल हुए। घायल अभिषेक महाजन का आरोप है कि वह वार्ड 36 के कांग्रेस पोलिंग एजेंट हैं, जो भाजपा वर्करों की आंखों में खटक रहे हैं।
बीती रात को जब वह बाजार से अपने घर पहुंचे ही थे कि जीत का जश्न मना रहे भाजपा के करीब आधा दर्जन वर्करों ने दातर से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। उन्हें बचाने लगे पिता प्रदीप महाजन, मां राधा महाजन, भाई सनम महाजन को भी उन हमलावरों ने घायल कर दिया। जिसकी शिकायत उन्होंने स्थानीय पुलिस थाना में कर दी है।शुक्रवार को इनका हालचाल जानने कांग्रेस के कौंसलर रोहित सियाल भी सिविल अस्पताल पहुंचे। उधर, मामले की जांच कर रहे थाना डिवीजन नं.2 के हरजिंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जा रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप