माता वैष्णो देवी से लौट रहे तेज रफ्तार कार सवार ने पठानकोट में बाइक को टक्कर मारी, महिला की मौत
घटना के बाद आरोपित व उसका दोस्त प्रकाश खुद पुलिस के सामने पेश हो गए। आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह वैष्णो देवी माता जी के दर्शन के लिए गया था और वापस लौटते समय वह कोंतरनपुर मोड़ के निकट पहुंचा तो उसकी कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी।
पठानकोट, जेएनएन। कार की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई है, जबकि उसका पति गंभीर रूप में घायल हो गया। आरोपित कार चालक की पहचान थाना शोला अहमदाबाद सिटी निवासी अमृत बाई देसाई के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में कोंतरपुर निवासी हरदीप पाल ने बताया कि उसका साला सरदूल सिंह अपनी पत्नी सुनीता निवासी डीडा सैनिया थाना दीनानगर जिला गुरदासपुर के साथ उसे मिलने के लिए कोंतरपुर आए थे। उसे मिलने के बाद दोनों करीब तीन बजे अपने माेटरसाइकिल पर वापस अपने घर के लिए निकले। जब वे सड़क पार करने लगे तो एक इनोवा कार ने अपनी बाइक को टक्कर मार दी। कार चालक मौके से फरार हो गया।
सरदूल सिंह व उसकी पत्नी सुनीता देवी मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हरदीप पाल ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पठानकोट उपचार के लिए दाखिल करवाया। यहां उपचार के दौरान सुनीता देवी की मौत हो गई। थाना नंगलभूर की पुलिस ने हरदीप पाल के बयानों पर उक्त कार चालक आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपित कार चालक पुलिस शिकंजे में
एएसआइ मनोज सिंह ने कहा कि घटना के बाद आरोपित व उसका दोस्त प्रकाश खुद पुलिस के सामने पेश हो गए। आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह वैष्णो देवी माता जी के दर्शन के लिए गया था और वापस लौटते समय वह कोंतरनपुर मोड़ के निकट पहुंचा तो उसकी कार की गति तेज होने से मोटरसाइकिल के साथ टक्कर हो गई। जिस वजह से दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप में घायल हो गए। हादसे के बाद वह काफी डर गया था और इसलिए वह उक्त घटनास्थल से भाग गया।