आप ने बाइक रैली निकाल कृषि सुधार कानून वापस लेने केलिए बनाया दबाब
आम आदमी पार्टी ने कृषि सुधार कानून को वापस करने के उद्देश्य से शनिवार को शहर में बाइक रैली निकाली।
जागरण संवाददाता, पठानकोट :
आम आदमी पार्टी ने कृषि सुधार कानून को वापस करने के उद्देश्य से शनिवार को शहर में बाइक रैली निकाली। सैकड़ों की तादाद में निकाली गई बाइक रैली शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए शहीद भगत सिंह चौक में संपन्न हुई। जिला प्रधान कैप्टन सुनील गुप्ता, प्रदेश एससी विग अध्यक्ष लाल चंद कटारुचक्क व जिला सचिव ठाकुर मनोज सिंह के नेतृत्व में यह रैली शहर के काठ वाला पुल से शुरू हुई। तीनों नेताओं के नेतृत्व में सदस्य पहले वहां इकट्ठा हुए व उसके बाद एक काफिले के रूप में शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए शहीद भगत सिंह चौक में संपन्न हुई। जिला प्रधान सुनील गुप्ता व प्रदेश की एससी विग के अध्यक्ष लाल चंद कटारुचक्क ने कहा कि केंद्र सरकार धीरे-धीरे सरकारी विभागों को प्राइवेट हाथों में बेच कर यहां सरकारी नौकरियों को समाप्त करने पर तुली हुई है, वहीं अब कुछेक घरानों को ओर अमीर बनाने के लिए किसानों की जमीन को भी उनके हवाले करने पर तुली हुई है। कृषि सुधार कानून लागू होने के बाद किसानों के लिए भारी परेशानियां पैदा हो जाएंगी। किसानों को अपनी जमीन बचाना मुश्किल हो जाएगा। ऐसा हुआ तो इसका सीधा असर महंगाई पर पड़ेगा। इसी बात को लेकर किसान जत्थेबंदिया पिछले कई दिनों से दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने उक्त कानून को वापिस न लिया तो आम आदमी पार्टी भी किसानों की भांति पूरे देश में संघर्ष पर उतर आएगी। इसलिए, केंद्र सरकार उनकी मांग को मानते हुए इसे तुरंत वापिस ले। मौके पर सचिव मनोज ठाकुर, रमेश टोला व ठेकेदार अमरजीत सिंह आदि मौजूद थे।