कोविड के 11 और डेंगू के आठ मरीज मिले
आंकड़ों के मुताबिक जिले के शहरी इलाकों में अब तक कुल 1361 डेंगू पाजिटिव पाए गए हैं जबकि ग्रामीण इलाकों में अब तक कुल 361 डेंगू पाजिटिव पाए गए हैं।
जागरण संवाददाता, पठानकोट: जिले में कोविड और डेंगू के आंकड़ों में कुछ दिन तक कमी देखे जाने के बाद अब इनमें एक बार फिर बढ़ौतरी दर्ज की गई है। सिविल अस्पताल प्रशासन इसे खतरे की घंटी मान रहा है। शुक्रवार को जिले में कोविड के 11 पाजिटिव और डेंगू के आठ पाजिटिव मरीज मिले हैं। बता दें कि बीते बुधवार को एक विद्यार्थी समेत जिले में आठ लोग कोविड पाजिटिव पाए गए थे। सिविल अस्पताल प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि वीरवार को पाजिटिव पाए गए 11 कोविड पीड़ितों में धार ब्लाक के पांच विद्यार्थी हैं। वहीं दो लोगों को स्वस्थ होने पर वीरवार को घर भेज दिया गया।
वहीं, डेंगू संबंधी जानकारी में प्रशासन ने बताया कि वीरवार को कुल 27 सैंपल लिए गए थे। इनमें आठ लोग पाजिटिव पाए गए हैं। वीरवार को विभिन्न टीमों द्वारा 485 मकानों को चेक किया गया। टीमों को दो जगह डेंगू का लारवा मिला। सिविल अस्पताल की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी में बताया गया है कि जिला पठानकोट के शहरी इलाकों में ग्रामीण इलाकों की तुलना में डेंगू के अधिक मरीज पाए जा रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक जिले के शहरी इलाकों में अब तक कुल 1361 डेंगू पाजिटिव पाए गए हैं जबकि ग्रामीण इलाकों में अब तक कुल 361 डेंगू पाजिटिव पाए गए हैं।
सिविल अस्पताल की सिविल सर्जन डा. रुबिदर कौर का कहना है कि लोगों की ओर से कोविड नियमों का पालन नहीं किए जाने के कारण कोविड के मामले फिर बढ़ रहे हैं। उनका कहना था कि कोविड से बचाव के लिए लोगों को भीड़भाड़ वाले इलाकों व समारोहों में मास्क पहनकर जाना चाहिए अथवा शारीरिक दूरी बनाकर रखनी चाहिए। इसके साथ ही उनका कहना था कि जिनकी वैक्सीनेशन नहीं हुई है, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित कैंपों में वैक्सीनेशन करानी चाहिए।