बच्चों को किडनैप करने के आरोप में केस दर्ज
थाना बलाचौर पुलिस ने अवैध हिरासत में रखने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता,नवांशहर: थाना बलाचौर पुलिस ने अवैध हिरासत में रखने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव जाडली के रहने वाले कुलदीप राम ने बताया कि 28 फरवरी 2020 को दोपहर दो बजे उसका 14 वर्षीय बेटा रोहित व 12 वर्षीय बेटा खालिक साइकिल से घर से कहीं चले गए, जोकि अभी तक तक नहीं लौटे हैं। उन्हें शक है कि किसी ने उनके बच्चों को किडनैप कर अपनी हिरासत में रखा है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कारवाई शुरू कर दी है। वहीं थाना बहराम पुलिस ने धमकी भरे मैसेज भेजने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव बाहड़माजरा की रहने वाली मीना ने बताया कि उसके गांव का रहने वाला विजय कुमार उसे वाटसएप पर धमकी भरे मैसेज भेजता है कि वह उसका फोन उठाए। फोन न उठाने पर उसे जान से मारने की धमकी देता है। पुलिस ने आरोपित विजय कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कारवाई शुरू कर दी है। उधर थाना बहराम पुलिस ने कोर्ट से भगोड़ा करार एक आरोपित पर केस दर्ज किया है। एएसआइ सुनील दत्त ने बताया कि बंगा के गांव लंगेरी के रहने वाले निर्मल सिंह के खिलाफ आठ अप्रैल 2015 को किसी मामले में केस दर्ज किया गया था, जिसके बाद माननीय अदालत ने उसे भगोड़ा करार दे दिया था। पुलिस ने आरोपित निर्मल सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।