तीन डिग्री लुढ़का तापमान, कड़ाके की ठंड से लोग बेहाल
पिछले कई दिन से चल रही कड़ाके की ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया है।
जागरण टीम नवांशहर, काठगढ़ : पिछले कई दिन से चल रही कड़ाके की ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया है। छह दिन से सूर्य के दर्शन न देने पर रविवार को अधिकतम तापमान तीन डिग्री कम होकर 14 डिग्री पर आ गया, न्यूनतम तापमान भी 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ठंड के चलते लोग घरों में दुबके हुए हैं। बाजारों में लोग अलाव से दूर नहीं हट पा रहे हैं। वहीं धुंध के कारण वाहन चालकों को सड़क पर चलते समय बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नए साल के पहले सप्ताह से ही ठंड ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया था। पहले सप्ताह से शुरू हुई बूंदाबांदी और बादलों ने ठिठुरन बढ़ाए रखी। पिछले करीब 15 दिन से ठंड लगातार बढ़ रही है। पिछले दिनों में कई बार बारिश भी हो चुकी है, पर इसके बाद भी धुंध और बादल छाए रहने पर ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है। कड़ाके की ठंड ने जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। ठंड से बचने के लिए लोग घरों में रजाइयों का सहारा पकड़े हुए हैं। दिनभर धूप न निकलने पर बच्चों और बुजुर्गो को घरों के अंदर बंद रहना मुश्किल हो रहा है। आमजन से लेकर पशु-पक्षियों को भी ठंड से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
23 व 24 को बारिश की संभावना, फिर मिलेगी राहत
कृषि केंद्र लंगड़ोया का निदेशक मनोज शर्मा ने बताया कि 25 जनवरी तक मौसम के खुश्क रहने का अनुमान है। मौसम के खुश्क रहने पर ही लगातार अधिकतम तापमान में गिरावट आ रही है। कई दिन से धूप न खिलने पर हवा में नमी की मात्रा भी 85 प्रतिशत पर पहुंची हुई है। उन्होंने लोगों को ठंड से बचाव के उचित प्रबंध करने की सलाह दी है। उन्होंने पशुपालकों को अपने पशु मकान के अंदर ही बांधने और जरूरत पड़ने पर अलाव जलाने का सुझाव दिया है। 23 व 24 जनवरी को बारिश की संभावना है, जिसके बाद ही मौसम साफ हो पाएगा। मुख्य कृषि अधिकारी डा. राजकुमार ने बताया कि फसलों के लिए मौसम अनुकुल है। इस मौसम के कारण फसलों में नमी की मात्रा बढ़ेगी, जोकि बढि़या है।