नवांशहर में बेटी को वेश्यावृत्ति में धकेलना चाहती थी मां, मना करने पर गर्म चिमटे से पीटती थी
पंजाब के नवांशहर स्थित बंगा में एक महिला अपनी ही नाबालिग बेटी को देह व्यापार में धकेलना चाहती थी। वह इसके लिए उसे मारती पीटती थी।
जेएनएन, बंगा [नवांशहर]। बंगा के एक गांव में एक मां ने अपनी 15 साल की बेटी को वेश्यावृत्ति में धकेलने की कोशिश की। मना करने पर उसके साथ अमानवीय व्यवहार शुरू कर दिया। वह बेटी की गर्म चिमटे से पिटाई करती थी, जिसके निशान अब भी पीडि़ता के शरीर पर हैं। बेटी को खाना भी एक दिन बाद देती थी।
पीड़िता को स्कूल की ओर से ही दोपहर को टिफिन दिया जाता था। यह सिलसिला एक साल से चल रहा था। महिला अपनी बेटी को धमकी देती थी कि अगर उसने वेश्यावृत्ति नहीं की तो उसे जहर देकर या करंट लगा कर जान से मार देगी। गांव के सरपंच ने इस अमानवीय व्यवहार की जानकारी बच्ची की नानी को दी तो इसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपित महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पहले पति की है बेटी
आरोपित महिला के पति की साल 2005 में मौत हो चुकी है। महिला पर उसके पति के कत्ल के आरोप में केस भी दर्ज हो चुका है। इसके बाद आरोपित महिला ने एक बेटी को जन्म दिया था। आरोपित महिला के भाई ने बताया कि उसकी बहन पर उसके पति के कत्ल का आरोप है। इसके अलावा एक किडनैपिंग का मामला भी दर्ज है।
एसआइ गुरकिरत कौर ने बताया कि आरोपित महिला को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह गांव के ही किसी व्यक्ति के घर में छुपी हुई थी। आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपित को जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: ब्रिटेन के सबसे चतुर लोगों में पहले नंबर पर भारत की ईशा, आइक्यू टेस्ट मेन्सा के लिए मिला आमंत्रण
यह भी पढ़ें: सोनू सूद व चंडीगढ़ की नीति ने लॉकडाउन में ऐसे पहुंचाया 90 हजार मजदूरों को घर, पंजाब में भी कर रहे काम
यह भी पढ़ें: पंजाब के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य प्रताप सिंह बाजवा की सुरक्षा वापस
यह भी पढ़ें: मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी एक्ट पर हाई कोर्ट ने उठाए सवाल, कहा- शिक्षित व संपन्न ही उठा पा रहे लाभ