ट्रैक्टर परेड में किसानों से शामिल होने का किया आह्वान
बंगा किरती किसान यूनियन ने गांव चक्कगुरु में बैठक की जिसमें दिल्ली में की जा रही ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए किसानों का आह्वान किया गया।
संवाद सहयोगी, बंगा
किरती किसान यूनियन ने गांव चक्कगुरु में बैठक की, जिसमें दिल्ली में की जा रही ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए किसानों का आह्वान किया गया। बैठक में यूनियन के प्रदेश वित्त सचिव हरमेश सिंह ढेसी, बूटा सिंह, अवतार कट्ट, मक्खन सिंह, परमजीत सिंह व बलविदर सिंह ने कहा कि 26 जनवरी को दिल्ली में की रही ट्रैक्टर परेड के लिए बड़ी संख्या में शिरकत की जाए। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को बंगा क्षेत्र में ट्रैक्टर मार्च निकाला जा रहा है, जो खटकड़ कलां से सुबह नौ बजे शुरू होगा। उन्होंने कहा कि किसान संघर्ष में लोगों द्वारा दी गई कुर्बानी को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। इस बारे में सरकार की हार होगी और किसान यह आंदोलन जीतेंगे। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को क्षेत्र से किसान दिल्ली के लिए रवाना होंगे ताकि 26 जनवरी को होने वाली ट्रैक्टर परेड को प्रभावशाली बनाया जा सके।
------------
न्यू आटो वर्कर्स यूनियन ने फूंकी खेती सुधार कानूनों की कापियां
जागरण संवाददाता, नवांशहर
संयुक्त किसान मोर्चा दिल्ली के आह्वान पर न्यू आटो वर्कर्स यूनियन शहीद भगत सिंह नगर (पंजाब) की तरफ से आटो स्टैंड पर बुधवार को खेती सुधार कानूनों की कापियां फूंकी गई। इस दौरान मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
इस अवसर पर यूनियन के जिला प्रधान पुनीत कलेर, उपप्रधान बिल्ला गुज्जर, अमरजीत काहमा, राणा रामरायपुर, राजू अमृतसरिया और जीता कलेर ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तीन खेती सुधार कानून जहां किसानों के लिए बर्बादी का साधन साबित होंगे, वहीं दूसरे वर्गो के लिए भी ये घातक हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियां छोटे ट्रांसपोर्टरों व छोटे दुकानदारों के लिए भी घातक हैं। मोदी सरकार की नई ट्रांसपोर्ट नीति देसी विदेशी बड़ी कंपनियों को लाभ देने वाली हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जत्थेबंदी किसानों के संघर्ष के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। इस मौके पर जयकार सिंह, मलकीत सिंह, रोहित नवांशहर आदि भी मौजूद थे।