गोशालाओं के बावजूद सड़कों पर घूम रहे बेसहरा पशु
नवांशहर में बेसहारा पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। यह बेसहारा पशु अब सड़कों में घूमते देखे जा सकते हैं।
वासदेव परदेसी, नवांशहर : नवांशहर में बेसहारा पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। यह बेसहारा पशु अब सड़कों में घूमते देखे जा सकते हैं। नवांशहर के चंडीगढ़ चौक से लेकर डा. बीआर आंबेडकर चौक तक जहां ट्रैफिक भी बहुत ज्यादा रहता है, वहीं पर बेसहारा पशु घूमते देखे जा सकते हैं जो किसी समय भी सड़क हादसे का बड़ा कारण बन सकते हैं। सरकार तथा जिला प्रशासन इस समस्या के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रहा। बेशक शहर में प्राइवेट तथा गांव दिलावरपुर में सरकारी गोशाला है। परंतु इसके बावजूद सड़कों पर घूम रहे यह बेसहारा पशु क्यों हैं? यह बात अभी तक समझ से परे है। इन बेसहारा पशुओं के प्रति बेशक गौ सैस भी बिजली के बिलों में हर खपतकार से वसूला जाता है। गोवंश जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी द्वारा कुछ समय पहले नहरों के आसपास छोड़े गए बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशाला में भेजा था लेकिन उसके बाद यह समस्या फिर से बरकरार है। बेसहारा पशु सड़कों में शहर में भी घूम रहे हैं।
सड़कों पर घूमते बेसहारा पशु रात के समय वाहन चालकों को दिखाई न देने के कारण हादसों का कारण बन रहे हैं।
शहर में तथा क्षेत्र में कई धार्मिक संस्थाएं हैं, उनकी और से भी कभी इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया। लोगों की मांग है कि इस समस्या का समाधान किया जाए तथा जिला प्रशासन हर पशु को गोशाला में छोड़ने का प्रबंध तथा जिले में एक ऐसा टोल फ्री या कोई मोबाइल नंबर जारी करं, जिस पर जिला वासी बेसहारा घूम रहे पशुओं की सूचना दे सकें। जिला प्रशासन से तालमेल कर समस्या हल करवाएंगे
इस बारे में कार्यकारी अधिकारी अपरअपार सिंह का कहना है कि इस समस्या के बारे में उनको जानकारी है। जिला प्रशासन से तालमेल करके इसके हल के बारे में विचार विमर्श किया जाएगा। शहर में स्थित गोशालाओं के संचालकों से भी इस बारे में बातचीत की जाएगी।