सांझ केंद्र की 14 सेवाएं सेवा केंद्रों में मिलेंगी: डीसी
नवांशहर सरकार की ओर से सांझ केंद्रों की पांच महत्वपूर्ण सेवाओं को सेवा केंद्र से अटैच करने के बाद अब 14 अन्य सेवाओं को भी सेवा केंद्रों से ऑनलाइन जोड़ दिया गया है।
जागरण संवाददाता, नवांशहर: सरकार की ओर से सांझ केंद्रों की पांच महत्वपूर्ण सेवाओं को सेवा केंद्र से अटैच करने के बाद अब 14 अन्य सेवाओं को भी सेवा केंद्रों से ऑनलाइन जोड़ दिया गया है। डिप्टी कमिश्नर डॉ शेना अग्रवाल ने बताया कि यह 14 सेवाएं पांच अक्टूबर से सेवा केंद्रों में मिलनी शुरू हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि इन सेवाओं में शिकायत की जानकारी ,शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी, एफआइआर ,डीडीआर की कापी ,सड़क दुर्घटना के मामलों में अनट्रेस्ड रिपोर्ट की कापी, वाहन चोरी के मामले में अनट्रेस्ड रिपोर्ट की कापी की जानकारी मिलेगी। इसके अलावा चोरी के मामलों में अनट्रेस्ड रिपोर्ट की कापी, लाउडस्पीकर की एनओसी,मेला प्रदर्शनी खेल समारोह के लिए एनओसी ,वाहनों के लिए एनओसी, वीजा के लिए पुलिस क्लीयरेंस, करेक्टर वेरिफिकेशन ,किराएदार की वेरिफिकेशन ,कर्मचारी की वेरिफिकेशन और घरेलू सहायक वेरिफिकेशन सेवाएं भी शामिल है। उन्होंने कहा कि सेवा केंद्रों में यह सुविधाएं मिलने से लोगों को पुलिस थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा केंद्रों में काम जहां बड़ी जल्दी हो जाएगा, वहीं पुलिस वेरिफिकेशन व रजिस्ट्रेशन के नाम पर परेशानी से लोगों को राहत मिलेगी।